Khabarwala 24 News Hapur: Hapur हापुड़-पिलखुवा विकास प्राधिकरण (एचपीडीए) ने अवैध निर्माणों और प्लॉटिंग के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए सोमवार को हापुड़ विकास क्षेत्र में पांच स्थानों पर ध्वस्तीकरण और दो स्थानों पर सीलिंग की कार्रवाई की। प्राधिकरण के उपाध्यक्ष के निर्देशों के अनुपालन में सचिव प्रवीण गुप्ता के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई, जिससे अवैध निर्माण करने वालों में हड़कंप मच गया।
यहां की गई कार्रवाई
प्राधिकरण की टीम ने गांव फतेहपुर नया बाईपास कुचेसर चौपला पर जितेंद्र, मंजू और लविश की 25000 वर्ग मीटर, ग्राम बछलौता में सत्येंद्र और धर्मपाल की 15000 वर्ग मीटर, जहीर सलमानी की 7500 वर्ग मीटर, बागड़पुर रोड चक्रसैनपुर में योगेंद्र, रणवीर और श्यामसुंदर शर्मा की 18000 वर्ग मीटर, तथा नया बाईपास बागड़पुर रोड बाबूगढ़ में नृपेंद्र राणा और कासिम अली की 8500 वर्ग मीटर अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त कर दिया। इसके अतिरिक्त, किठौर रोड पर शावेद के 200 वर्ग मीटर में डग और जरौठी रोड पर कपिल कुमार की 10 वर्ग मीटर की दुकान को सील किया गया। इन सभी स्थानों पर निर्माण के लिए प्राधिकरण से मानचित्र स्वीकृत नहीं था।
टीम में यह रहे शामिल
इस कार्रवाई में प्रभारी प्रवर्तन राकेश सिंह तोमर, वीरेश राणा, अवर अभियंता पीयूष जैन, अजय सिंह और प्राधिकरण का सचल दस्ता शामिल था। प्राधिकरण के सचिव प्रवीण गुप्ता ने अवैध निर्माण करने वालों को चेतावनी दी कि वे तत्काल अवैध गतिविधियां रोकें और प्राधिकरण से मानचित्र स्वीकृत कराकर ही निर्माण करें। ऐसा न करने पर सीलिंग और ध्वस्तीकरण के साथ-साथ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



