Khabarwala 24 News Hapur: उत्तर प्रदेश के जनपद हापुड़ में राष्ट्रीय राजमार्ग नौ पर रविवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र में ब्रदघाट टोल प्लाजा से पहले स्याना चौपला के पास दिल्ली के रिठाला से रामपुर जा रही एक प्राइवेट बस अनियंत्रित होकर पहले एक ऑटो से टकराई और फिर करीब दस फीट गहरे गड्ढे में जा गिरी। हादसे के बाद बस पलट गई, जिससे उसमें सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। बस में फंसे यात्रियों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया और सभी घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायलों में से एक की हालत गंभीर होने पर उसे हायर सेंटर के लिए रेफर किया गया है।
क्या है पूरा मामला (Hapur)
पुलिस के अनुसार यह प्राइवेट बस दिल्ली के रिठाला से रामपुर जा रही थी। रविवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे जैसे ही बस राष्ट्रीय राजमार्ग नौ पर स्याना चौपला के पास पहुंची, तभी चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख सका। बस सामने चल रहे ऑटो से टकराने के बाद सड़क किनारे बने गड्ढे में गिरकर पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।

पुलिस, प्रशासन के अफसर मौके पर पहुंचे (Hapur)
हादसे के तुरंत बाद आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही एसडीएम श्रीराम यादव, सीओ गढ़मुक्तेश्वर स्तुति सिंह, सीओ यातायात राहुल यादव और थाना प्रभारी देवेंद्र बिष्ट पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायलों को बस से बाहर निकलवाकर एम्बुलेंस के माध्यम से अस्पताल भिजवाया।

यातायात व्यवस्था सुचारू कराई (Hapur)
मौके पर भारी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिसे पुलिस ने नियंत्रित किया। क्रेन की सहायता से बस और ऑटो को गड्ढे से बाहर निकाला गया, जिसके बाद यातायात व्यवस्था को सुचारू कराया गया। हादसे के चलते कुछ समय के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग पर आवागमन प्रभावित रहा।

क्या कहते हैं थाना प्रभारी
थाना प्रभारी देवेंद्र बिष्ट ने बताया कि बस में करीब 40 यात्री सवार थे, जिनमें से 10 लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों का उपचार कराया जा रहा है और एक घायल की स्थिति गंभीर होने के कारण उसे हायर सेंटर रेफर किया गया है। पुलिस बस चालक से पूछताछ कर रही है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
देखिए वीडियो
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


