Khabarwala 24 News Ghaziabad: Ghaziabad News उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में यूट्यूबर सलीम वास्तिक की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को मुठभेड़ में मार गिराया है। यह मुठभेड़ लोनी थाना क्षेत्र के निठौरा अंडरपास के पास हुई, जहां पुलिस और बदमाशों के बीच करीब दस मिनट तक चली गोलीबारी के बाद एक आरोपी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
लोनी में हुई मुठभेड़, 10 मिनट तक चली फायरिंग (Ghaziabad News)
घटना रविवार देर रात की है। पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान संदिग्ध बाइक सवार बदमाशों को रुकने का इशारा किया गया था। लेकिन उन्होंने रुकने के बजाय पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ के दौरान बदमाशों की ओर से करीब 10 राउंड गोलियां चलाई गईं।
इस ऑपरेशन का नेतृत्व एडीसीपी क्राइम पीयूष सिंह कर रहे थे। लोनी थाना पुलिस और देहात स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में एक आरोपी गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। मुठभेड़ में दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं, जिनकी पहचान हेड कांस्टेबल सचिन कुमार और विपिन ठाकुर के रूप में हुई है। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
मृतक की पहचान: एक लाख का इनामी था जीशान (Ghaziabad News)
पुलिस मुठभेड़ में मारे गए आरोपी की पहचान 27 वर्षीय जीशान के रूप में हुई है। वह अमरोहा जिले के नगला सैफी गांव का निवासी था। जीशान पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सलीम वास्तिक पर चाकू से हमला करने वाला वही मुख्य आरोपी था।
सीसीटीवी फुटेज में जीशान को बाइक पर पीछे बैठा देखा गया था। हमले के समय वह कुर्ता-पजामा पहने हुए था। पुलिस ने उसके पास से एक पिस्टल, कारतूस, वारदात में इस्तेमाल किया गया सर्जिकल ब्लेड और बाइक बरामद की है।
जवाबी कार्रवाई में लगी गोली, अस्पताल में हुई मौत (Ghaziabad News)
पुलिस के मुताबिक, जवाबी फायरिंग में जीशान के पैर और सीने में गोली लगी थी। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अपर पुलिस महानिदेशक (कानून व्यवस्था) अमिताभ यश ने बताया कि सलीम वास्तिक पर जानलेवा हमला करने वाले एक लाख रुपये के इनामी आरोपी को मुठभेड़ में ढेर कर दिया गया है।
कार्यालय में किया गया था हमला (Ghaziabad News)
यूट्यूबर सलीम अहमद उर्फ सलीम वास्तिक पर हमला उस समय किया गया था जब वे गाजियाबाद के अली गार्डन स्थित अपने कार्यालय में सुबह की नमाज अदा करने के कुछ ही समय बाद मौजूद थे। हेलमेट पहने दो मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने उन पर चाकू से कई वार किए थे। गंभीर रूप से घायल सलीम की बाद में मौत हो गई थी।
वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे (Ghaziabad News)
शासन ने मामले का संज्ञान लेते हुए गाजियाबाद पुलिस और एसटीएफ को कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश में व्यापक अभियान चलाया। सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय इनपुट के आधार पर पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही थी।रविवार रात चेकिंग के दौरान जब पुलिस को संदिग्ध बाइक सवार दिखाई दिए तो उन्हें रोकने का प्रयास किया गया। इसी दौरान फायरिंग की घटना हुई, जो मुठभेड़ में बदल गई।एनकाउंटर की सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए और पूरे घटनाक्रम की समीक्षा की। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।




