मुंबई, 7 अक्टूबर (khabarwala24)। शिवसेना प्रवक्ता संजय निरुपम ने विभिन्न राजनीतिक मुद्दों, आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल, महाराष्ट्र की ‘मुख्यमंत्री माझी लाडकी बहिन’ योजना, और बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी।
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए निरुपम ने कहा कि जब आम आदमी पार्टी आंदोलन के दौर में थी, तब केजरीवाल और उनकी टीम यह वादा करती थी कि वे कभी भी सरकारी आवास नहीं लेंगे और जनता की सेवा अपने घर से ही करेंगे। लेकिन अब हालात पूरी तरह बदल गए हैं। पार्टी की हार और सत्ता से बाहर होने के बाद, केजरीवाल ने बतौर पूर्व मुख्यमंत्री सरकारी आवास की मांग करते हुए अदालत का दरवाजा खटखटाया। निरुपम ने कहा, “यह वही नेता हैं जो कभी सिद्धांतों और सादगी की बात करते थे, लेकिन अब सत्ता से बाहर होते ही सरकारी सुविधाओं का सहारा ले रहे हैं। यह आम आदमी पार्टी के पतन की सबसे बड़ी निशानी है। इनकी कथनी और करनी का फर्क अब पूरे देश और दिल्ली की जनता देख रही है।”
वहीं, महाराष्ट्र सरकार के मंत्री छगन भुजबल द्वारा दिए गए उस बयान पर भी संजय निरुपम ने प्रतिक्रिया दी, जिसमें भुजबल ने कहा था कि ‘मुख्यमंत्री माझी लाडकी बहिन योजना’ से अन्य सरकारी योजनाओं पर असर पड़ रहा है। इस पर निरुपम ने कहा कि यह योजना राज्य की महिलाओं के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है और इस पर कोई समझौता नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा, “यह योजना पूरे देश में चर्चा का विषय बनी हुई है। इससे करीब ढाई करोड़ माताओं और बहनों को हर महीने आर्थिक सहायता मिलती है। यह केवल वित्तीय मदद नहीं, बल्कि महिलाओं के आत्मसम्मान और स्वावलंबन को मजबूत करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है।” निरुपम ने यह भी कहा कि शिवसेना इस योजना की निरंतरता और सफलता के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
बिहार की राजनीति पर प्रतिक्रिया देते हुए निरुपम ने लालू प्रसाद यादव के एक सोशल मीडिया पोस्ट पर तंज कसा। लालू ने अपने पोस्ट में लिखा था, “छह और ग्यारह एनडीए नौ दो ग्यारह।” इस पर निरुपम ने पलटवार करते हुए कहा, “यह सही है कि चुनाव छह और 11 नवंबर को होंगे, लेकिन नौ दो ग्यारह एनडीए नहीं, बल्कि इंडिया गठबंधन को होना पड़ेगा।”
उन्होंने कहा कि बिहार के मतदाता अब अतीत की गलतियों को नहीं दोहराएंगे। लालू यादव के शासनकाल में बिहार अपहरण उद्योग, भ्रष्टाचार और बदहाल कानून व्यवस्था के लिए जाना जाता था, लेकिन नीतीश कुमार के नेतृत्व में पिछले दो दशकों में बिहार में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। बिजली, सड़क, सिंचाई, रोजगार और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में काफी प्रगति हुई है।
उन्होंने आगे कहा कि हालिया khabarwala24-मैटराइज सर्वे में एनडीए को मिली बढ़त यह साबित करती है कि बिहार की जनता अब भी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकास को प्राथमिकता दे रही है। निरुपम ने कहा कि किसानों की समस्याओं के समाधान, महिला शिक्षा, जीविका समूहों की आर्थिक मजबूती और बुनियादी ढांचे में सुधार ने जनता का भरोसा बढ़ाया है। उन्होंने अपील की, “पटना मेट्रो और राजगीर क्रिकेट स्टेडियम जैसे प्रोजेक्ट बिहार के विकास के प्रतीक हैं। मतदाता दुष्प्रचार से बचें और विकास के सिलसिले को बनाए रखने के लिए एनडीए की डबल इंजन सरकार को फिर से समर्थन दें।”
Source : IANS
डिस्क्लेमर: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में Khabarwala24.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर Khabarwala24.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


