मुंबई, 6 नवंबर (khabarwala24)। मुंब्रा ट्रेन दुर्घटना मामले में जीआरपी ने अपनी प्रारंभिक जांच के आधार पर रेलवे विभाग के दो इंजीनियरों के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज किया। इस कार्रवाई से नाराज होकर गुरुवार को रेलवे कर्मचारियों और इंजीनियरों के संघ ने विरोध प्रदर्शन किया।
कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि दुर्घटना की जिम्मेदारी केवल तकनीकी कर्मचारियों पर नहीं थोपी जानी चाहिए, बल्कि पूरे सिस्टम की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाए जाने चाहिए।
विरोध प्रदर्शन के चलते सेंट्रल व हार्बर लाइन की लोकल ट्रेन सेवाएं बाधित हो गईं। सीएसएमटी (छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस) स्टेशन पर कई ट्रेनें खड़ी रहीं और हजारों यात्री घंटों तक प्लेटफॉर्म पर फंसे रहे। मोटरमैन और तकनीकी कर्मचारी भी प्रदर्शन में शामिल हुए, जिसके कारण लोकल सेवाएं पूरी तरह ठप हो गईं। इस अचानक हुए बंद से लाखों यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
रेलवे प्रशासन ने तुरंत यूनियन प्रतिनिधियों से बातचीत शुरू की। पुलिस और रेलवे अधिकारियों ने स्थिति को शांत करने की कोशिश की और कर्मचारियों को समझाया कि जांच निष्पक्ष होगी तथा दोषियों पर ही उचित कार्रवाई की जाएगी।
लंबे संवाद और आश्वासन के बाद शाम करीब 6:45 बजे से सीएसएमटी से लोकल ट्रेनों की आवाजाही धीरे-धीरे बहाल कर दी गई।
मुंबई के मुंब्रा स्टेशन के पास 9 जून 2025 को हुई दर्दनाक रेल दुर्घटना ने पूरे शहर को झकझोर दिया था। यह हादसा दिवा और मुंब्रा रेलवे स्टेशन के बीच उस समय हुआ, जब कसारा और छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस की ओर जाने वाली दो लोकल ट्रेनें एक तीव्र मोड़ पर एक-दूसरे को पार कर रही थीं। इस दौरान ट्रेन के पायदान पर खड़े कुछ यात्रियों के बैग बाहर निकले हुए थे, जो दूसरी ट्रेन में सवार यात्रियों के बैग या शरीर से टकरा गए। टकराव के कारण कई यात्री संतुलन खोकर पटरी पर गिर पड़े। इस दर्दनाक घटना में पांच यात्रियों की मौत हो गई, जबकि आठ लोग गंभीर रूप से घायल हुए।
घटना के बाद रेलवे प्रशासन ने जांच शुरू की, जिसमें ट्रैक के रखरखाव और सुरक्षा मानकों की अनदेखी की बात सामने आई। जांच रिपोर्ट के आधार पर एक नवंबर को सहायक मंडल इंजीनियर विशाल डोलास, वरिष्ठ सेक्शन इंजीनियर समर यादव और अन्य संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज किया गया।
Source : IANS
डिस्क्लेमर: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में Khabarwala24.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर Khabarwala24.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


