पटना, 7 अक्टूबर (khabarwala24)। बिहार विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा के बाद सियासी सरगर्मियां बढ़ गई हैं। इसी बीच, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राज्यसभा सांसद मनोज झा ने चुनाव आयोग की भूमिका और मौजूदा राजनीतिक माहौल पर तल्ख टिप्पणी की।
राज्यसभा सांसद मनोज झा ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि चुनाव की तिथि की घोषणा तो महज एक औपचारिकता है। असली सवाल यह है कि क्या चुनाव आयोग अपनी निष्पक्ष ‘रेफरी’ की भूमिका निभा रहा है या नहीं।
मनोज झा ने कहा कि हमने कई बार चुनाव आयोग से आग्रह किया है कि वह निष्पक्ष रहे, लेकिन अफसोस है कि आयोग अपनी रेफरी की भूमिका को भूल चुका है। हम आयोग से एक बार फिर कहना चाहते हैं कि जो भी नफरत फैलाने वाला या भड़काऊ बयान देने वाला व्यक्ति हो, चाहे वह किसी भी पद पर हो, उस पर तत्काल कार्रवाई होनी चाहिए।
मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) पर जूता फेंकने की हालिया घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए मनोज झा ने कहा, “यह सिर्फ मुख्य न्यायाधीश पर जूता नहीं उछाला गया है। यह संविधान पर जूता उछालने जैसा कृत्य है। गोडसे द्वारा महात्मा गांधी की हत्या और मुख्य न्यायाधीश पर जूता उछालने की घटना के पीछे एक ही मानसिकता है।”
मनोज झा ने आगे कहा कि यह देश की लोकतांत्रिक भावना पर हमला है और ऐसे कृत्यों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाना चाहिए।
बिहार चुनाव को लेकर सवाल किए जाने पर मनोज झा ने कहा कि बिहार में तेजस्वी यादव के नेतृत्व में महागठबंधन की सरकार बनने जा रही है। उन्होंने कहा कि बिहार अब बदलाव की दहलीज पर खड़ा है। अगले एक महीने में तस्वीर साफ हो जाएगी। तेजस्वी यादव के नेतृत्व में नई सरकार बनना तय है।
वहीं, सीट शेयरिंग को लेकर पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि सीटों का बंटवारा भी दो-तीन दिनों में अंतिम रूप ले लिया जाएगा। तब शायद आपको यह सवाल पूछने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
Source : IANS
डिस्क्लेमर: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में Khabarwala24.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर Khabarwala24.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


