नासिक, 12 सितंबर (khabarwala24)। शिवसेना (यूबीटी) और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) की ओर से शुक्रवार को नासिक में आयोजित जन आक्रोश मार्च में भारी भीड़ उमड़ी। इस मार्च में बड़ी संख्या में नेताओं और कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।
शिवसेना (यूबीटी) के सांसद संजय राउत ने मंच से राज्य सरकार पर भ्रष्टाचार, गुंडागर्दी और किसानों की अनदेखी जैसे तमाम बड़े आरोप लगाए।
उन्होंने अपने संबोधन में छत्रपति शिवाजी महाराज की विरासत का जिक्र करते हुए कहा, “शिवाजी महाराज की सिर्फ तस्वीरें लेना काफी नहीं, उनकी भावना हमारे खून में होनी चाहिए। नासिकवासियों का यह आक्रोश क्रांति का संदेश है।”
सांसद संजय राउत ने आगे कहा, “शिवसेना नासिक में सक्रिय है। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना भी नासिक में लोगों के मुद्दों पर अपनी आवाज उठाती है। नासिक एक पवित्र धार्मिक स्थल है और वहां कुंभ मेले का आयोजन किया जाता है। नासिक श्री राम और कुसुमाग्रज, स्वातंत्र्यवीर सावरकर के नाम से भी जाना जाने वाला शहर है। आज नासिक में जो स्थिति बनी है, उसके खिलाफ हम सड़क पर उतरे हैं।”
उन्होंने नासिक में बढ़ते अपराधों पर सरकार को घेरते हुए कहा, “खुलेआम नशीली दवाओं की बिक्री, महिलाओं पर अत्याचार और लूटपाट आम हो गई है। पिछले कुछ महीनों में 40 हत्याएं हुईं। अगर गृह मंत्री को यह नहीं पता, तो उन्हें शासन का कोई हक नहीं।”
संजय राउत ने भ्रष्टाचार और गुंडागर्दी पर भी तीखा प्रहार किया। उन्होंने आरोप लगाया, “नगरसेवक, मंत्री और अधिकारी भ्रष्टाचार में लिप्त हैं। विरोध करने वालों पर दबाव डाला जा रहा है। जनता समझती है कि अपराधियों को कौन बचा रहा है।”
किसानों के मुद्दों पर बोलते हुए संजय राउत ने कहा कि यह मार्च किसानों के लिए है। बिजली, पानी, कर्ज माफी और गारंटीशुदा ब्याज दर न मिलने से किसान आत्महत्या कर रहे हैं। सरकार को हम चेतावनी दे रहे हैं।
उन्होंने शिवसेना (यूबीटी) और मनसे के संयुक्त संघर्ष का ऐलान करते हुए कहा, “आज दो भाई, उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे की पार्टियां महायुति सरकार को चुनौती देने के लिए एकजुट हुई हैं। अब महाराष्ट्र में हर कार्यक्रम संयुक्त होगा। ठाकरे का नाम लेकर महाराष्ट्र आगे बढ़ेगा।”
राउत ने राज्य सरकार पर लोकतंत्र का गला घोंटने का आरोप लगाते हुए कहा, “यह सरकार जिला परिषदों, नगर पालिकाओं और नगर निगमों में वोट चुराकर सत्ता में आई है। यह जन आक्रोश मार्च नासिक ही नहीं, पूरे महाराष्ट्र को जगा देगा।”
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा, “यह सरकार के लिए आखिरी चेतावनी है। अगर इन मुद्दों का समाधान नहीं हुआ, तो आंदोलन और तेज होगा।”
Source : IANS
डिस्क्लेमर: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में Khabarwala24.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर Khabarwala24.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


