मुंबई, 26 नवंबर (khabarwala24)। एनएसजी ने मुंबई आतंकी हमले 26/11 के नायकों को श्रद्धांजलि देने और शहीदों के परिवारों को सम्मानित करने के लिए ‘नेवरएवर’ का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में तमाम जवानों के साथ शहीदों के परिजन और फिल्मी हस्तियां शामिल हुईं।
कार्यक्रम में उपस्थित महाराष्ट्र एनसीसी के एडीजी मेजर विवेक त्यागी ने कहा कि एनसीसी की ओर से हम अपने उन वीरों को याद करने के लिए एकत्रित हुए हैं, जिन्होंने देश के लिए अपने प्राणों की आहुति दी। समर्पण की यही भावना हम अपने कैडेट्स में भरते हैं, हमेशा राष्ट्र को सर्वोपरि रखना। यही सिद्धांत हमारे चरित्र और मिशन के मूल में है।
शहीद मेजर संदीप की मां ने khabarwala24 से बातचीत में कहा कि मुझे हमेशा याद रहता है, 17 साल हो गए हैं। हर साल हम ताज देखने आते हैं। गेटवे ऑफ इंडिया पर भी कई कार्यक्रम होते हैं। हर साल हम आकर ताज में रुकते हैं। जिस जगह उनका देहांत हुआ था, हम वहां प्रार्थना करते हैं।
शहीद मेजर संदीप के पिता ने कहा कि अगर वे इतना कुछ कर सकते हैं, तो हम कम से कम उसका एक प्रतिशत तो कर ही सकते हैं। इसीलिए हम यहां लोगों से मिलने आते हैं। उनके साथी भी 26/11 की याद में यहां इकट्ठा होते हैं।
कार्यक्रम में शामिल अभिनेता अदिवी शेष ने कहा कि मुझे लगता है कि मेरी मां और चाचा से मुझे जो पहला वादा मिला था, वह यही था कि हमें उनकी यादों को कभी नहीं भूलना चाहिए। हम फिल्म में जो भी कर रहे हैं और जो भी रिश्ता आगे बढ़ा रहे हैं, वह उनकी यादों को जिंदा रखने के लिए है। यह बहुत जरूरी है कि हम जिन शहीदों का सम्मान कर रहे हैं, उनके नाम न भूलें।
अभिनेत्री ईशा कोप्पिकर ने khabarwala24 से बातचीत में कहा कि यह हम सभी के लिए बेहद भावुक क्षण है। सबसे पहले, मैं शहीदों के परिवारों और हमारे जीवित नायकों को सिर झुकाकर नमन करना चाहती हूं। आपने हमारे लिए जो बलिदान दिया है, वह अतुलनीय है और हम शायद कभी ऋण नहीं चुका पाएंगे। यह दिन हम कभी नहीं भूल सकते। आपने हमें सिखाया कि भारत कभी झुकेगा नहीं।
वर्ल्ड ट्रेड सेंटर के चेयरमैन ने कहा कि 26 नवंबर को जो कुछ भी हुआ, वह बेहद दर्दनाक था। उस दिन मुंबई में जो कुछ हुआ, वह अकल्पनीय था और हम अपने पुलिस बल और एनएसजी के साहस और प्रयासों को कभी नहीं भूल सकते। हम केवल प्रार्थना और प्रतिज्ञा कर सकते हैं कि ऐसी घटना फिर कभी न हो। मेरा परिवार, खासकर मेरी बेटी, ताज होटल में फंस गई थी। उसे सुबह लगभग 3:30 बजे एनएसजी और पुलिस ने सुरक्षित बचा लिया, तब हमें राहत मिली। उसका आज ही के दिन जन्मदिन भी होता है। ऐसा लगा ही नहीं था कि वह बच पाएगी, लेकिन सुरक्षाबलों ने बचा लिया।
सेवानिवृत्त मुंबई पुलिस अधिकारी ने बताया कि 26 नवंबर 2008 को मैं सहायक पुलिस निरीक्षक के पद पर कार्यरत था और डीबी मार्ग पुलिस स्टेशन में तैनात था। उस रात, मैं संजय गोविलकर, भास्कर कदम और अन्य के साथ रात्रि ड्यूटी पर था। रात लगभग सवा 12 बजे, हमें नियंत्रण कक्ष से एक संदेश मिला कि दो आतंकवादी गिरगांव चौपाटी की ओर बढ़ रहे हैं। हमने दो टीमें बनाई। गाड़ी साढ़े 12 बजे वहां पहुंची। हमने सरेंडर करने को कहा, लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया। वे भागना चाहते थे, लेकिन भाग नहीं पाए। गाड़ी रुक गई। अबू इस्माइल गाड़ी चला रहा था और कसाब बगल में बैठा हुआ था। इस्माइल को पकड़ने गए तो उसने फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग में वह मारा गया। जब कसाब को पकड़ने गए तो उसने फायरिंग कर दी, जिसमें हमारे साथी तुकाराम शहीद हो गए थे।
आईपीएस कृष्ण प्रकाश ने कहा कि हम 26/11 को नहीं, बल्कि शहीदों को याद कर रहे हैं। 26/11 हमारे लिए एक बुरा अध्याय है, जिसमें शहीदों ने शानदार विजय हासिल की थी। इस आतंकी हमले को खत्म करने में मुंबई पुलिस, एनएसजी समेत तमाम फोर्स शामिल थीं। हम एनएसजी के साथ मिलकर सामंजस्य बनाकर तैयार हैं कि अगर ऐसी कोई घटना हुई तो हम मिलकर उसका मुकाबला कर सकें।
Source : IANS
डिस्क्लेमर: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में Khabarwala24.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर Khabarwala24.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


