मुंबई, 15 जनवरी (khabarwala24)। अभिनेता अनुपम खेर इन दिनों बहुप्रतिक्षित फिल्म ‘खोसला का घोसला-2’ के सीक्वल की शूटिंग में व्यस्त चल रहे हैं। हाल ही में उन्होंने फिल्म की टीम के साथ मुलाकात की। इस मुलाकात की जानकारी उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए दी।
एक्टर अनुपम खेर ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर कुछ तस्वीरें शेयर कीं। इन तस्वीरों में अभिनेता और उनकी टीम निर्देशक रमेश सिप्पी के साथ नजर आ रहे हैं। पोस्ट के साथ अभिनेता ने लिखा, “कल रात मैं और मेरी टीम को सिनेमा के महान व्यक्ति और मेरे पसंदीदा लोगों में से एक रमेश सिप्पी के साथ अच्छा समय बिताने का मौका मिला।”
अभिनेता ने बताया कि निर्देशक ने उन्हें और उनकी पूरी टीम को फिल्में जैसे ‘शोले’, ‘अंदाज’ और ‘सीता और गीता’ से जुड़ी कई रोचक और दिलचस्प कहानियां सुनाईं। उन्होंने कहा, “सिप्पी साहब ने हमारे साथ पहली बार ‘वर्ड बिल्डिंग’ गेम भी खेला और खेलते-खेलते लगभग चैंपियन ही बन गए। सर, आपके प्यार, अपनेपन और उदारता के लिए दिल से धन्यवाद।”
अभिनेता अनुपम खेर की पोस्ट फैंस को काफी पसंद आ रही है। वे फिल्म के साथ इस मुलाकात को लेकर भी उत्सुकता जाहिर कर रहे हैं। वहीं, फैंस भी कल्ट क्लासिक फिल्म ‘खोसला का घोसला’ के सीक्वल का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
फिल्म ‘खोसला का घोसला-2’ अनुपम खेर के करियर की 550वीं फिल्म है। फिल्म की शूटिंग दिल्ली एनसीआर क्षेत्र में चल रही है और टीम के पुराने कलाकारों की वापसी के साथ कुछ नए कलाकार भी वापस लौट रहे हैं।
साल 2006 की कल्ट क्लासिक फिल्म ‘खोसला का घोसला’ एक हिंदी कॉमेडी ड्रामा फिल्म है, जो एक मध्यमवर्गीय परिवार के जमीन हड़पने के भू-माफिया से लोहा लेने की कहानी है। इस फिल्म का निर्देशन दिबाकर बनर्जी ने किया था। फिल्म में अनुपम खेर, बोमन ईरानी, रणवीर शौरी और विनय पाठक जैसे कलाकार शामिल थे।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


