मुंबई, 23 नवंबर (khabarwala24)। बॉलीवुड की दुनिया में कुछ नाम ऐसे होते हैं, जो सिर्फ फिल्मों के लिए ही नहीं, बल्कि उनकी जिंदगी के रंगीन किस्सों के लिए भी याद किए जाते हैं। सलीम खान भी ऐसे ही एक सितारे हैं। उनकी फिल्मों के साथ-साथ उनकी जिंदगी की कई रोचक बातें भी लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हैं। सलीम खान बचपन में दोस्तों के लिए लव लेटर लिखा करते थे। इसी ने उन्हें धीरे-धीरे बॉलीवुड की कहानियों तक पहुंचा दिया।
सलीम खान का जन्म 24 नवंबर 1935 को मध्य प्रदेश के इंदौर जिले में हुआ था। उनके बचपन की कहानी जितनी दिल को छू लेने वाली है, उतनी ही प्रेरणादायक भी। सलीम जब महज चार साल के थे, तब उनकी मां का निधन टीबी के कारण हो गया था और 14 साल की उम्र में उनके सिर से पिता का साया हट गया था। ऐसे में उनके बड़े भाई ने उनकी परवरिश की।
सलीम के लेखनी की शैली बचपन से ही शानदार थी। इंदौर में अपने दोस्तों के लिए वह लव लेटर लिखा करते थे। उनके शब्द इतने अच्छे और भावनात्मक होते थे कि दोस्तों की गर्लफ्रेंड्स भी खुश हो जाती थीं। इस लिखने की शैली ने उनकी कहानी कहने की कला को भी मजबूत किया। छोटे-छोटे किस्से और लोगों के दिल की भावनाओं को समझना, इन खूबियों ने उन्हें बाद में फिल्मों की कहानियां लिखने में मदद की।
सलीम खान ने 1960 में फिल्म ‘बारात’ से मुंबई में एक्टिंग की शुरुआत की। फिल्म के निर्देशक के. अमरनाथ थे। हालांकि, एक्टिंग में उन्हें ज्यादा सफलता नहीं मिली, लेकिन यही समय उनके लिए सीखने और समझने का था। फिल्मों में छोटे-छोटे रोल निभाते-निभाते उन्होंने महसूस किया कि उनकी असली ताकत लिखने में है।
इसके बाद सलीम ने लेखन की दुनिया में कदम रखा। उन्होंने जावेद अख्तर के साथ मिलकर कई सुपरहिट फिल्में लिखीं। ‘जंजीर’, ‘शोले’, ‘दीवार’, ‘क्रांति’, ‘सीता और गीता’, और ‘यादों की बारात’ जैसी फिल्में उनकी और जावेद अख्तर की जोड़ी की अनमोल देन हैं। इनके संवाद और कहानियां आज भी लोगों के दिल में बसती हैं। बॉलीवुड में इस जोड़ी की फीस और लोकप्रियता इतनी थी कि कभी-कभी यह एक्टर्स से भी आगे निकल जाती थी।
सलीम खान ने करियर में कई पुरस्कार और सम्मान भी हासिल किए। उनकी लिखी फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड बनाए और फिल्म इंडस्ट्री में उनका नाम सुनहरे अक्षरों में दर्ज हो गया। वह आज भी नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं।
Source : IANS
डिस्क्लेमर: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में Khabarwala24.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर Khabarwala24.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


