खबरवाला 24 न्यूज सिंभावली: जनपद हापुड़ के सिंभावली थाना क्षेत्र के एक गांव से शुक्रवार की रात 12 वर्षीय बच्ची का अपहरण कर दूसरे गांव में ले जाकर एक युवक ने उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोपी ने बच्ची की अश्लील वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी दी है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पीडि़त ने थाने में तहरीर देते हुए बताया कि उसकी 12 वर्षीय बहन शुक्रवार की रात करीब 10 बजे संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थी। उसने और परिजनों ने गांव समेत आसपास के क्षेत्रों और परिचितों के यहां उसे तलाश किया, लेकिन उसका कुछ भी पता नहीं चल सका। पीडि़त ने बताया कि शनिवार की सुबह करीब 6 बजे उसकी बहन घर लौटी।
पीड़िता ने परिजनों को बताया कि रात के समय घर के बाहर से जनपद बुलंदशहर के बीबीनगर क्षेत्र के गांव परतापुर निवासी आरोपी नशीला पदार्थ सुंघाकर अद्र्ध बेहोशी की हालत में बाइक पर बैठाकर उसे क्षेत्र के एक गांव में ले गया था। जहां आरोपी ने एक मकान में उसके साथ दुष्कर्म किया।
बताया कि आरोपी युवक ने दुष्कर्म के दौरान अपने मोबाइल से उसकी अश्लील वीडियो भी बनाई। जिसने दुष्कर्म के बारे में परिजनो अथवा पुलिस में शिकायत करने पर वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी भी दी है। आरोपी ने पूरी रात उसे मकान में बंधक बनाकर रखा। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।


