Khabarwala 24 News Hapur: यूपी के जनपद Hapur के बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के एक गांव में नाबालिग किशोरी के अपहरण के मामले में विवेचनाधिकारी पर आरोप लगाते हुए भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) जनशक्ति के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को थाने पर धरना-प्रदर्शन किया। हालांकि, पुलिस ने अपहृत किशोरी को बरामद कर लिया है लेकिन आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। पुलिस के आश्वासन के बाद धरना समाप्त हुआ।
क्या है पूरा मामला (Hapur)
भाकियू जनशक्ति के जिलाध्यक्ष सुधीर चौधरी ने बताया कि चार दिन पहले बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के एक गांव की नाबालिग किशोरी का एक युवक द्वारा अपहरण कर लिया गया था। पुलिस ने किशोरी को तो बरामद कर लिया, लेकिन आरोपी अभी तक गिरफ्तार नहीं हुआ है। किशोरी के परिजनों ने विवेचनाधिकारी पर अभद्र व्यवहार और मामले में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। उन्होंने अपहरण के आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी, विवेचनाधिकारी को तुरंत बदलने की मांग की।
भाकियू जनशक्ति की प्रदेश अध्यक्ष रीता चौधरी ने चेतावनी दी कि यदि दो दिन के भीतर पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिला, तो संगठन कार्यकर्ता थाने पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू करेंगे।
पुलिस ने दिया आश्वासन (Hapur)
धरना-प्रदर्शन की सूचना मिलने पर सिटी सर्किल ऑफिसर (सीओ) जितेंद्र कुमार शर्मा और बाबूगढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक महेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने भाकियू पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से वार्ता की और उनकी मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया। पुलिस ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया।
यह रहे मौजूद (Hapur)
धरना-प्रदर्शन के दौरान भाकियू जनशक्ति के कई प्रमुख पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिनमें प्रदेश महासचिव जोगेंद्र चौधरी, संजय त्यागी, मुनेश यादव, विरेंद्र गिल, रामेंद्र सिंधु, विपिन चौधरी, विनेश पाल, सचिन चौधरी, सोमदत्त शर्मा, और संजय शर्मा शामिल थे।

Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।

