खबरवाला 24 धौलाना: जनपद के धौलाना में मोहल्ला काजीवाड़ा में घर में एक मासूम खेलते खेलते बाथ टब में गिर गया। जिसकी डूबने से मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार मोहल्ला काजीवाड़ा निवासी जावेद दर्जी का काम करता है। धौलाना कस्बा में ही उसकी दुकान है। रविवार दोपहर उसकी पत्नी ने घर की दूसरी मंजिल पर डेढ़ वर्षीय पुत्र अयान को नहलाने के लिए बथ टब में पानी भरा था। इस दौरान आयान टब के आसपास ही खेल रहा था। इसी बीच बच्चे की मां किसी काम से नीचे आ गई। खेलते-खेलते अयान बाथ टब में गिर गया। कुछ देर बाद जब बच्चे की मां छत पर पहुंची तो बच्चे को टब में पड़ा देखकर उसकी चीख निकल गई। महिला की चीख सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। बच्चे को आनन फानन में अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजन में मचा कोहराम, मोहल्ले में शोक की लहर
बाथ टब में डूबने से बच्चे की मौत से जहां परिजन में कोहराम मच गया। वहीं मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई। मोहल्लेवासियों ने परिजन को सांत्वना दी।


