खबरवाला 24 न्यूज हापुड़ : शासन के निर्देश पर जिले में गोशाला ओं का तीन दिवसीय निरीक्षण करने आए राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र गाजियाबाद के अपर आयुक्त राजेश प्रकाश ने दूसरे दिन मंगलवार को भी गोशालाओं का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डाक्टर प्रमोद कुमार ने बताया कि मंगलवार को अपर आयुक्त राजेश प्रकाश गढ़मुक्तेश्वर में कान्हा गोशाला पहुंचे। यहां उन्होंने स्थलीय निरीक्षण किया और संरक्षित गोवंशियों के लिए दिए जा रहे चारे, पेयजल और ठंड से बचाव के संसाधनों को परखा। इसके बाद वह गांव अल्लाख्शपुर, उपैड़ा और भटैल की गोशाला देखीं। मुख्यमंत्री सहभागिता योजना के तहत गोपालकों के सुपुर्द किए गए गोवंशियों की पड़ताल की। गांव कल्याणपुर में गोपालकों के पास पहुंचे। उनसे पूछा कि आपको सहभागिता के अंतर्गत मिले गोवंशी के भरण-पोषण के लिए सरकार से 30 रुपये प्रति दिन प्रति गोवंश मिल रहे हैं या नहीं। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने बताया कि बुधवार को भी अपर आयुक्त गोशालाओं का निरीक्षण करेंगे। तीन दिवसीय निरीक्षण की रिपोर्ट शासन को सौंपेंगे।


