Khabarwala 24 News Hapur: Hapur News उत्तर प्रदेश के जनपद हापुड़ की थाना हापुड़ देहात पुलिस ने बस संचालन के विवाद को लेकर हुई मारपीट, ताबड़तोड़ फायरिंग और लूटपाट के सनसनीखेज मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त अवैध तमंचा, लूटी गई नकदी और पीड़ित के दस्तावेज बरामद कर लिए हैं।
रूट विवाद में दबंगों ने बस रुकवाकर की थी फायरिंग (Hapur News)
पूरे मामले की जानकारी देते हुए थाना प्रभारी हापुड़ देहात पारस मलिक ने बताया कि मेरठ जनपद के किठौर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम राधना निवासी जैद ने तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया था। पीड़ित जैद ‘साहिल बस सर्विस’ की बस पर बतौर परिचालक (कंडक्टर) कार्य करता है। शिकायत के अनुसार, बीते तीन अगस्त की रात जब उनकी बस बुलंदशहर रोड स्थित बाईपास के समीप पहुंची, तभी पीछे से आई एक सफेद रंग की स्कार्पियो गाड़ी में सवार दबंगों ने बस को रोकने की नीयत से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। इसी बीच साइड से आई एक अन्य बस के चालक ने अपनी गाड़ी को आगे निकालकर परिचालक की बस के सामने अड़ा दिया, जिससे बस रुक गई।
रॉड-सरिया लेकर बस में चढ़े आरोपी, की मारपीट और लूटपाट (Hapur News)
बस के रुकते ही स्कार्पियो सवार आरोपी हाथों में लोहे की रॉड, सरिया और तमंचे लेकर बस में जबरन सवार हो गए। आरोपियों ने ललकारते हुए कहा कि इस रूट पर केवल जाहिद स्याना वालों की बसें ही चलेंगी। जब पीड़ित परिचालक जैद ने इस गुंडागर्दी का विरोध किया, तो आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट शुरू कर दी और जान से मारने की नीयत से उस पर सीधा फायर कर दिया। गनीमत रही कि पीड़ित किसी तरह झुककर बाल-बाल बच गया। इसके बाद दबंगों ने पीड़ित और उसके साथी वजाहत के साथ मारपीट करते हुए उसका पर्स छीन लिया। इस पर्स में यात्रियों से वसूले गए किराए के 5,800 रुपये, उसका पैन कार्ड और आधार कार्ड रखे हुए थे।
गोंदी सलाई अंडरपास के पास से हुआ गिरफ्तार (Hapur News)
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी। थाना प्रभारी पारस मलिक ने बताया कि मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने ग्राम गोंदी सलाई अंडरपास के पास घेराबंदी कर पिलखुवा थाना क्षेत्र के ग्राम दहपा निवासी मुख्य आरोपी शाहरूख को गिरफ्तार कर लिया।
अवैध तमंचा और लूटा गया सामान बरामद (Hapur News)
पुलिस ने पकड़े गए आरोपी शाहरूख के कब्जे से लूटी गई राशि में से 4,220 रुपये नकद, पीड़ित का पर्स, आधार कार्ड, पैन कार्ड तथा वारदात में इस्तेमाल किया गया एक अवैध तमंचा बरामद किया है। पुलिस आरोपी के अन्य साथियों की तलाश में जुटी है और गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।










