Khabarwala 24 News Hapur: Hapur News हाफिजपुर थाना पुलिस ने क्षेत्र में चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के दौरान एक इलेक्ट्रिक ऑटो से पशु के अवशेष और मांस बरामद किया है। पुलिस की घेराबंदी देखकर आरोपी ऑटो चालक वाहन को सड़क किनारे छोड़कर जंगल की ओर भागने में सफल रहा। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बरामद अवशेषों का डॉक्टरी परीक्षण कराया और अज्ञात चालक के खिलाफ पशु क्रूरता निवारण अधिनियम तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी, जंगल में भागा चालक (Hapur News)
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हाफिजपुर थाने के उपनिरीक्षक संजीव कुमार पुलिस टीम के साथ टोल प्लाजा कुराना से पहले मुर्शदपुर मोड़ के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। उसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि हापुड़ की तरफ से आ रहे एक इलेक्ट्रिक ऑटो में पशु के अवशेष ले जाए जा रहे हैं और उससे तेज दुर्गंध आ रही है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम सतर्क हो गई और आने वाले वाहनों पर नजर रखने लगी। जैसे ही ई-ऑटो मौके पर पहुंचा, पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया। लेकिन पुलिस को सामने देख चालक घबरा गया और ऑटो छोड़कर पास के जंगल की तरफ भाग निकला।
पशु चिकित्सक की जांच में भैंस के मिले अवशेष, कराया गया निस्तारण (Hapur News)
पुलिस ने लावारिस छूटे ऑटो की तलाशी ली तो उसके अंदर पशु का कटा हुआ सिर, पैर और भारी मात्रा में मांस पाया गया। घटना की सूचना तुरंत पशु चिकित्सा विभाग को दी गई। मौके पर पहुंचे पशु चिकित्सक ने अवशेषों का परीक्षण कर पुष्टि की कि बरामद सिर, पैर और मांस भैंस के हैं। इसके बाद पुलिस ने सभी अवशेषों को जंगल में गहरा गड्ढा खोदकर नियमानुसार निस्तारित करवा दिया।
मुकदमा दर्ज, इलेक्ट्रिक ऑटो सीज (Hapur News)
मामले में हाफिजपुर पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त इलेक्ट्रिक ऑटो को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज कर थाने में खड़ा करा दिया गया है। पुलिस वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर चालक की पहचान करने और उसकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।










