Khabarwala24 Rajasthan News: राजस्थान भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की सीकर टीम ने मंगलवार को एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए उत्तर प्रदेश के अयोध्या साइबर क्राइम थाने के उप निरीक्षक (SI) समेत चार पुलिसकर्मियों को 2.80 लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। यह घूसखोरी एक आपराधिक मामले में परिवादी के भाई को बेकसूर बताकर उसका नाम केस से हटाने की एवज में की जा रही थी।
केस से नाम निकालने के नाम पर माँगे थे 4 लाख रुपये (Rajasthan News)
एसीबी अधिकारियों के अनुसार, पीड़ित ने शिकायत दर्ज कराई थी कि अयोध्या साइबर क्राइम थाने में दर्ज मुकदमा संख्या 22/2024 से उसके भाई को राहत देने के बदले में आरोपी पुलिसकर्मी रिश्वत के लिए दबाव बना रहे थे। शिकायत का प्राथमिक सत्यापन 17 अगस्त को कराया गया, जिसमें कांस्टेबल गौरव चारग ने परिवादी से शुरुआती तौर पर 4 लाख रुपये की माँग की थी। हालाँकि, बाद में सौदेबाज़ी के दौरान यह रकम 2.80 लाख रुपये में तय हुई।
रिश्वत के कैश के साथ चारों आरोपी रंगे हाथों धराए (Rajasthan News)
घूस की माँग की पुष्टि होने के उपरांत ACB जयपुर रेंज के डीआईजी डॉ. रामेश्वर सिंह के मार्गदर्शन में सीकर इकाई के एएसपी विजय कुमार और निरीक्षक सुभाष मील की टीम ने ट्रैप की रणनीति बनाई। योजनाबद्ध तरीके से की गई इस कार्रवाई के दौरान चारों आरोपी पुलिसकर्मी मौके पर मौजूद थे। जैसे ही कांस्टेबल सोहनलाल ने परिवादी से रिश्वत के 2.80 लाख रुपये स्वीकार किए, वैसे ही इशारा मिलते ही ACB की टीम ने दबिश देकर चारों को धर दबोचा।
पकड़े गए आरोपियों में उप निरीक्षक यशवंत सिंह, कांस्टेबल पवन त्रिपाठी, कांस्टेबल सोहनलाल और कांस्टेबल गौरव चारग शामिल हैं।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम में केस दर्ज, आगे की जाँच जारी (Rajasthan News)
ACB की अतिरिक्त महानिदेशक (ADG) स्मिता श्रीवास्तव और पुलिस महानिरीक्षक (IG) एस. परिमला की देखरेख में गिरफ्तार पुलिसकर्मियों से गहन पूछताछ की जा रही है। एसीबी ने चारों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आपराधिक मामला पंजीकृत कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। एसीबी अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की घूसखोरी की शिकायत टोल फ्री नंबर 1064 या व्हाट्सऐप हेल्पलाइन 94135-02834 पर तुरंत दर्ज कराएं।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।










