Khabarwala 24 News Hapur: Hapur News (अमजद खान) हापुड़ जिले के सिंभावली रेलवे स्टेशन पर गुरुवार शाम एक सनसनीखेज और दर्दनाक हादसा सामने आया। रेलवे स्टेशन पर खड़ी एक मालगाड़ी के इंजन पर अचानक एक 30 वर्षीय अज्ञात युवक चढ़ गया और ऊपर से गुजर रही रेलवे की हाईटेंशन (ओएचई) विद्युत लाइन को पकड़ लिया। करंट की चपेट में आते ही युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस भयानक हादसे से स्टेशन परिसर और आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया।
मच गई अफरा-तफरी, विद्युत लाइन में दौड़ा करंट (Hapur News)
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गुरुवार शाम को सिंभावली स्टेशन पर एक मालगाड़ी खड़ी थी। इसी दौरान अचानक एक युवक दौड़ता हुआ आया और मालगाड़ी के इंजन पर चढ़ गया। इससे पहले कि स्टेशन पर मौजूद लोग या रेल कर्मचारी कुछ समझ पाते, युवक ने ऊपर से गुजर रहे बिजली के तार को पकड़ लिया। जोरदार धमाके और चिंगारी के साथ युवक करंट से झुलस गया और उसकी जान चली गई। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पुलिस और जीआरपी जांच में जुटी, शिनाख्त के प्रयास जारी (Hapur News)
घटना की जानकारी मिलते ही जीआरपी (GRP), आरपीएफ और सिंभावली थाना पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। रेलवे अधिकारियों ने एहतियात के तौर पर ओएचई लाइन की बिजली सप्लाई बंद कराई, जिसके बाद शव को नीचे उतारा गया।
सिंभावली थाना पुलिस और जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मृतक युवक की पहचान (शिनाख्त) कराने की कोशिश कर रही है। आसपास के गांवों और थानों में सूचना भेज दी गई है ताकि युवक के परिजनों का पता लगाया जा सके। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि युवक ने यह आत्मघाती कदम किस मानसिक तनाव या वजह से उठाया।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।




