Khabarwala 24 News Hapur: Hapur News बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे-9 (NH-9) पर कुचेसर चौपला स्थित बिस्मिल्लाह होटल के पास एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है। तेज रफ्तार कार की जोरदार टक्कर से बाइक सवार दंपति सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गए। हादसे में महिला की इलाज के दौरान दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनके पति की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी कार चालक की तलाश शुरू कर दी है।
अमरोहा लौट रहा था दंपति, पीछे से कार ने मारी टक्कर (Hapur News)
मिली जानकारी के अनुसार, अमरोहा जिले के गजरौला थाना क्षेत्र के गांव छोया निवासी अनुज सैनी ने बाबूगढ़ थाने में मामला दर्ज कराया है। तहरीर में बताया गया कि उनके साढू राजकुमार (निवासी गांव सुल्ताननगर, अमरोहा) अपनी पत्नी कुसुम के साथ बाइक पर सवार होकर 31 जुलाई को हापुड़ से अपने गांव लौट रहे थे।
जैसे ही वे कुचेसर चौपला के पास पहुंचे, तभी पीछे से आई एक अनियंत्रित कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण दुर्घटना में बाइक पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई और दंपति सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
अस्पताल में महिला ने तोड़ा दम, मुकदमा दर्ज (Hapur News)
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को हापुड़ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद कुसुम को मृत घोषित कर दिया। वहीं, राजकुमार की स्थिति अभी भी नाजुक बनी हुई है और उनका इलाज जारी है।
बाबूगढ़ थाना प्रभारी प्रवीन कुमार ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। कार के नंबर के आधार पर वाहन और उसके चालक की लोकेशन ट्रेस की जा रही है, जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।




