Khabarwala 24 News Hapur: Hapur News शहर की सबसे पॉश कॉलोनियों में शुमार राजेंद्र नगर और अमरदीप कॉलोनी में रिहायशी क्षेत्र के बीच अवैध रूप से संचालित हो रहे अस्पताल और डायग्नोस्टिक सेंटर को बंद कराने की मांग को लेकर स्थानीय निवासियों का गुस्सा फूट पड़ा। ‘राजेंद्र नगर अमरदीप कॉलोनी जन कल्याण समिति’ के बैनर तले अधिकारियों के खिलाफ जमकर सांकेतिक धरना-प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के बाद स्थानीय लोगों ने जिलाधिकारी (DM) को संबोधित एक ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारियों को सौंपा और चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो वे भूख हड़ताल और बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
आवासीय नक्शे पर अस्पताल और सुरक्षा मानकों की अनदेखी (Hapur News)
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि रिहायशी इलाके में इस अस्पताल का निर्माण एक साधारण आवासीय भवन के नक्शे पर अवैध रूप से किया जा रहा है। अस्पताल संचालन के लिए जरूरी अग्रिशमन (Fire Safety) और स्वास्थ्य विभाग के किसी भी मानक का पालन नहीं हो रहा है। इसके अतिरिक्त, डायग्नोस्टिक सेंटर में एक बेहद संकरी जगह पर भारी रेडिएशन उत्सर्जित करने वाली बड़ी-बड़ी मशीनें स्थापित कर दी गई हैं, जिससे आसपास रहने वाले लोगों के स्वास्थ्य और सुरक्षा पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है। निवासियों का दावा है कि यह सेंटर बिना किसी वैध अनुमति के चलाया जा रहा है।
जाम, विवाद और पार्किंग की विकट समस्या (Hapur News)
स्थानीय निवासियों के अनुसार, अस्पताल और डायग्नोस्टिक सेंटर में आने वाले मरीजों और उनके तीमारदारों के लिए पार्किंग की कोई उचित व्यवस्था नहीं है। गाड़ियां गलियों और सड़कों पर खड़ी रहने के कारण आए दिन कॉलोनी में भीषण जाम की स्थिति बनी रहती है। पार्किंग और आवाजाही को लेकर कई बार स्थानीय लोगों और मरीजों के परिजनों के बीच कहासुनी और मारपीट तक की नौबत आ चुकी है, जिससे इलाके की शांति व्यवस्था भंग हो रही है।
जनसुनवाई पोर्टल पर ‘झूठी रिपोर्ट’ और प्रशासनिक अनदेखी का आरोप (Hapur News)
समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि समस्या के समाधान के लिए कई बार प्रशासनिक अधिकारियों से शिकायत की गई और प्रदेश सरकार के जनसुनवाई पोर्टल पर भी मामला दर्ज कराया गया। आरोप है कि अधिकारियों ने पोर्टल पर यह झूठा आश्वासन दर्ज कर दिया कि “अस्पताल को सील करने की रिपोर्ट लगा दी गई है”, जबकि धरातल पर अस्पताल और सेंटर आज भी बेधड़क संचालित हो रहे हैं।
यह रहे मौजूद (Hapur News)
ज्ञापन सौंपने के दौरान समिति के अध्यक्ष तरुण बाटला, सचिव सचिन जिंदल, महेंद्र कुमार, राजेंद्र कुमार, रवि अरोरा, और यश गुप्ता सहित बड़ी संख्या में कॉलोनीवासी उपस्थित रहे।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


