Khabarwala 24 News Hapur: Hapur News एलायंस क्लब हापुड़ क्रिस्टल ने समाज सेवा और जीव दया की अपनी गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाते हुए अपने तीसरे मासिक सेवा कार्य के अंतर्गत एक अनूठी मिसाल पेश की है। क्लब के तमाम पदाधिकारियों और सदस्यों ने मेरठ रोड पर स्थित ग्राम धीरखेड़ा की ‘श्री जी गौशाला’ में पहुंचकर भव्य स्तर पर गौ सेवा का आयोजन किया। इस पुनीत कार्य की खास बात यह रही कि सभी एलायंस साथी अकेले नहीं, बल्कि अपने पूरे परिवार और बच्चों के साथ इस सेवा यज्ञ का हिस्सा बनने पहुंचे।
गायों को फल खिलाकर लिया आशीर्वाद (Hapur News)
गौशाला परिसर में पहुंचते ही सेवा का एक अद्भुत माहौल देखने को मिला। क्लब की ओर से सैकड़ों गोवंशों और नंदी महाराज के लिए विशेष पौष्टिक आहार की व्यवस्था की गई थी। चिलचिलाती गर्मी के इस मौसम में गोवंशों को राहत पहुंचाने के लिए क्लब के सदस्यों ने अपने हाथों से खरबूजा, तरबूज, केले, पालक, सेंद, कद्दू (भिलिया) जैसे मौसमी फल और सब्जियां खिलाईं। इसके साथ ही भारी मात्रा में हरा चारा और चोकर भी गोवंशों को परोसा गया। छोटे-छोटे बच्चों ने भी बड़े उत्साह के साथ अपने हाथों से गायों को फल खिलाए और उनसे आशीर्वाद लिया।
क्लब के प्रयासों की सराहना (Hapur News)
इस बेहद खास मौके पर मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद डिस्ट्रिक्ट गवर्नर भगवत गोयल ने क्लब के प्रयासों की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि एलाइंस क्लब एक प्रतिष्ठित इंटरनेशनल संस्था है, जो निरंतर सामाजिक हित और सेवा कार्यों में अपनी अग्रणी भागीदारी निभाती आ रही है। उन्होंने गर्व से बताया कि हापुड़ शहर में ही एलाइंस क्लब की आठ शाखाएं पूरी सक्रियता से काम कर रही हैं, जो समय-समय पर समाज के उत्थान, पर्यावरण और जीव सेवा के भिन्न-भिन्न प्रकार के समर्पण कार्य करती रहती हैं।
धार्मिक महत्व पर डाला प्रकाश (Hapur News)
कार्यक्रम के दौरान क्लब के अध्यक्ष रवि मोहन गर्ग ने गौ सेवा के धार्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सनातन धर्म में गौ सेवा को अत्यंत पुण्यदायी और सर्वोच्च कार्य माना गया है। शास्त्रों के अनुसार, जो व्यक्ति सच्चे मन से गौ माता की सेवा करता है, उसके जीवन में सुख, समृद्धि, शांति और सकारात्मक ऊर्जा का वास हमेशा बना रहता है।
संस्कारों का हिस्सा (Hapur News)
वहीं, सचिव योगेंद्र कुमार ने अपने विचार साझा करते हुए कहा कि गौ सेवा सिर्फ एक कार्य नहीं, बल्कि हमारे संस्कारों का हिस्सा है। इससे इंसान के भीतर दया, करुणा और सेवा की भावना का विकास होता है। यह हमें मानसिक शांति देती है और जीवन में उन्नति का मार्ग प्रशस्त करती है। हमें नित्य प्रतिदिन अपने सामर्थ्य अनुसार गौ सेवा अवश्य करनी चाहिए। कोषाध्यक्ष कपिल अग्रवाल ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि क्रिस्टल क्लब पिछले कई वर्षों से लगातार गौ सेवा, जल-शरबत सेवा और अनेकों सामाजिक कार्यों को पूरी निष्ठा से करता आ रहा है और भविष्य में भी यह सिलसिला इसी प्रकार अनवरत जारी रहेगा।
यह रहे मौजूद (Hapur News)
इस महासेवा कार्य को सफल बनाने में डिस्ट्रिक्ट सचिव राहुल गुप्ता, पीआरओ सर्वेश गोयल, प्रोजेक्ट चेयरमैन राहुल गुप्ता, सुनील सिंहल, मुकेश अग्रवाल, राजेश वर्मा, प्रदुल अग्रवाल, गौरव अग्रवाल, सचिन गोयल, सचिन अग्रवाल, रश्मि गर्ग, अंजली अग्रवाल, गीता अग्रवाल, सताक्षी सिंहल, शालनी अग्रवाल, और पूनम सहित क्रिस्टल परिवार के तमाम सदस्य सपरिवार मौजूद रहे।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


