Khabarwala 24 News Hapur: Hapur News उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में रविवार देर रात एक बेहद दर्दनाक सड़क दुर्घटना ने कई परिवारों को रोने पर मजबूर कर दिया। धौलाना थाना क्षेत्र के धौलाना-गुलावठी मार्ग पर अरविंद डेयरी के पास बारातियों से भरी एक बस और एक ट्रक के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। इस भीषण हादसे में छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
क्या है पूरा मामला (Hapur News)
जानकारी के अनुसार, गाजियाबाद के डासना इलाके के रहने वाले यूनुस कुरैशी के बेटे की बारात बुलंदशहर के गुलावठी क्षेत्र में गई थी। रात करीब डेढ़ बजे बारात लौट रही बस जब धौलाना-गुलावठी मार्ग पर पहुंची, तभी सामने से आ रहे ट्रक से उसकी जबरदस्त भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और बस ट्रक के नीचे दबकर पिचक गई। बस में सवार यात्री उसमें फंस गए। हादसे की तीव्रता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि बस पूरी तरह चपटी हो गई।
मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। अंधेरे और रात के समय होने के कारण शुरुआती राहत-बचाव कार्य में कुछ दिक्कतें आईं, लेकिन स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस और प्रशासन ने घायलों को बस से बाहर निकालना शुरू किया।

प्रशासन की त्वरित कार्रवाई (Hapur News)
हादसे की सूचना मिलते ही हापुड़ के डीएम अभिषेक पांडेय, एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह और सीएमओ डॉ. वेद प्रकाश तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने खुद राहत कार्यों का निरीक्षण किया और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने के निर्देश दिए। घायलों को जीएस मेडिकल कॉलेज, रामा मेडिकल कॉलेज और सीएचसी धौलाना में भर्ती कराया गया। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
क्या बोले एसपी (Hapur News)
एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि बस में कुल 12 लोग सवार थे। इनमें से छह की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हुए। पुलिस ने क्षतिग्रस्त बस और ट्रक को हटवाकर यातायात व्यवस्था सुचारू कर दी है। दुर्घटना के सटीक कारणों की जांच की जा रही है।

मृतकों की पहचान (Hapur News)
मृतकों की पहचान डासना (गाजियाबाद) के रहने वालों के रूप में हुई है। इनमें शामिल हैं। जिसमें सोनू, यूसूफ, अख्तर, मुन्ना, युनूस, अशोक हैं।
सभी बारात में शामिल थे और खुशी का सफर मौत के सफर में बदल गया।
परिवारों पर टूटा दुख का पहाड़ (Hapur News)
डासना पहुंचते ही हादसे की खबर फैली तो मृतकों के घरों में कोहराम मच गया। जहां कुछ घंटे पहले शहनाइयों और ढोल की थाप पर खुशियां मनाई जा रही थीं, वहीं अब मातम का माहौल छा गया। शादी के जश्न से लौट रही बारात मौत की आगोश में समा गई। परिजन रो-रोकर बुरा हाल हैं। एक परिवार ने तो कहा कि “शादी का घर कल तक रोशनी से जगमगा रहा था, आज शवों की कतार लगी है।”
सड़क दुर्घटनाओं की बढ़ती समस्या (Hapur News)
यह हादसा उत्तर प्रदेश में सड़क दुर्घटनाओं की बढ़ती श्रृंखला को फिर याद दिलाता है। खासकर रात के समय बारात या लंबी यात्रा के दौरान वाहनों की तेज रफ्तार और लापरवाही अक्सर ऐसी त्रासदियों का कारण बनती है। विशेषज्ञों का कहना है कि रात में दृश्यता कम होने, थके हुए चालकों और ओवरलोडिंग जैसी समस्याओं पर सख्ती बरतने की जरूरत है।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


