हापुड़ (khabarwala24 News)। हापुड़ में सड़क सुरक्षा को लेकर बड़ा फैसला लिया गया है। जिलाधिकारी अभिषेक पांडेय ने निर्देश दिए हैं कि जिन वाहनों पर पांच या उससे अधिक चालान लग चुके हैं, उनके पंजीयन को निलंबित किया जाएगा। इसके लिए संबंधित वाहन चालकों को नोटिस जारी कर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही एनएच-09 पर तेज रफ्तार वाहनों पर रोजाना सख्त कार्रवाई, ब्लैक स्पॉट पर ओवरस्पीड कैमरे लगवाने और दुर्घटना स्थलों पर सुधार कार्य कराने के आदेश दिए गए हैं।
जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई
कलक्ट्रेट में बृहस्पतिवार को जिला सड़क सुरक्षा समिति एवं जिला विद्यालय यान सुरक्षा समिति की बैठक जिलाधिकारी अभिषेक पांडेय की अध्यक्षता में हुई। बैठक में तीन वर्षों में चिन्हित ब्लैक स्पॉट को खत्म करने के लिए की गई कार्रवाई की समीक्षा की गई। डीएम ने कहा कि यातायात पुलिस, परिवहन विभाग, एनएचएआई और लोक निर्माण विभाग के अधिकारी अब लापरवाही बिल्कुल न बरतें। सभी को सड़क पर उतरकर जरूरी कदम उठाने होंगे। उनका साफ कहना था कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना हर हाल में जरूरी है।
एनएच-09 पर ब्लैक स्पॉट और तेज रफ्तार पर फोकस
डीएम ने एनएच-09 पर मौजूद ब्लैक स्पॉट को विशेष रूप से चिह्नित किया। इन जगहों पर ओवरस्पीडिंग करने वाले वाहनों पर तुरंत चालान काटने के निर्देश दिए। तीनों टोल प्लाजा पर एंबुलेंस, क्रेन और पेट्रोलिंग वाहनों के रिस्पॉन्स टाइम की सख्त मॉनिटरिंग होगी। किसी भी लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
स्कूल वाहनों और राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह पर जोर
बैठक में यह भी फैसला लिया गया कि किसी भी स्कूल में फिटनेस सर्टिफिकेट के बिना वाहन नहीं चलेंगे। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 के कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की गई। जिले में हुए हादसों का विश्लेषण किया गया, जिसमें तेज रफ्तार, पीछे से टक्कर, सामने से टक्कर और गलत पार्किंग जैसे कारणों पर विस्तार से चर्चा हुई।
इस बैठक में अधिशासी अभियंता शैलेंद्र सिंह, एआरटीओ प्रवर्तन रमेश चौबे, एआरटीओ प्रशासन छवि सिंह, डिप्टी सीएमओ डॉ सुनील गुप्ता, सीओ यातायात राहुल यादव समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


