भोपाल, 5 जनवरी (khabarwala24)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की मध्य प्रदेश इकाई के प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने अंत्योदय, सुशासन और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने के लिए अभूतपूर्व कार्य किए हैं।
भाजपा के प्रदेश प्रभारी महेंद्र सिंह ने दतिया में दतिया, भाण्डेर, सेवढ़ा एवं ग्वालियर ग्रामीण जिले के डबरा में भितरवार, डबरा व ग्वालियर ग्रामीण विधानसभाओं की अलग-अलग संयुक्त बैठक में कहा कि भाजपा सिर्फ सत्ता प्राप्ति का माध्यम नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का एक वैचारिक और सामाजिक आंदोलन है। इस आंदोलन की आत्मा उसका समर्पित कार्यकर्ता है, जो अनुशासन, सेवा और संगठन के मूल मंत्र को लेकर समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचता है। कार्यकर्ता को भाजपा की विचारधारा का संवाहक बनकर सरकार की योजनाओं, संगठन के संदेश और राष्ट्रहित के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाना होगा।
भाजपा प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने अंत्योदय, सुशासन और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने के लिए अभूतपूर्व कार्य किए हैं। गरीबों को पक्का आवास, किसानों को सम्मान निधि, महिलाओं को सशक्त करने की योजनाएं, युवाओं के लिए रोजगार एवं स्टार्टअप के अवसर और वंचित वर्गों के लिए सामाजिक सुरक्षा, यह सभी उपलब्धियां नए भारत की मजबूत नींव हैं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश की भाजपा सरकार जनकल्याण, विकास और प्रशासनिक पारदर्शिता के नए आयाम स्थापित कर रही है। इन ऐतिहासिक उपलब्धियों को केवल घोषणाओं या आंकड़ों तक सीमित न रखते हुए, लाभार्थियों के जीवन में आए सकारात्मक बदलाव के रूप में जनता के बीच प्रस्तुत करना कार्यकर्ताओं की बड़ी जिम्मेदारी है। सरकार और समाज के बीच सेतु की भूमिका निभाते हुए कार्यकर्ता पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने में सक्रिय सहयोग करें।
डॉ. महेंद्र सिंह ने बूथ स्तर की भूमिका को संगठन की सबसे मजबूत कड़ी बताते हुए कहा कि मजबूत बूथ ही मजबूत संगठन की पहचान है और वही चुनावी विजय की आधारशिला भी है। प्रत्येक कार्यकर्ता को बूथ, शक्ति केंद्र, मंडल और विधानसभा स्तर पर नियमित संपर्क, बैठक, संवाद और सेवा गतिविधियों के माध्यम से संगठन को और अधिक मजबूत बनाना होगा।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


