मुंबई, 2 जनवरी (khabarwala24)। साल 2026 दक्षिण भारतीय सिनेमा के लिए यादगार साल होने वाला है। तेलुगू, तमिल और कन्नड़ की कई बड़ी फिल्में रिलीज होंगी, जिनमें एक्शन, हॉरर-कॉमेडी, गैंगस्टर ड्रामा और थ्रिलर समेत हर जॉनर की फिल्में शामिल हैं। प्रभास, थलापति विजय, यश और रजनीकांत जैसे सुपरस्टार्स की फिल्में पैन इंडिया स्तर पर धमाल मचाएंगी।
ये फिल्में मसाला, इमोशंस और विजुअल्स से थिएटर्स को हाउसफुल करने वाली हैं। साउथ इंडियन फिल्मों के प्रशंसकों के लिए खुशखबरी है कि इस साल एक-दो नहीं बल्कि कई फिल्में रिलीज होंगी। इस लिस्ट में प्रभास की ‘द राजा साब’, थलापति विजय की ‘जन नायगन’ और रजनीकांत की ‘जेलर 2’ के साथ अन्य फिल्में शामिल हैं।
द राजा साब : प्रभास स्टारर द राजा साब एक रोमांटिक हॉरर-कॉमेडी फैंटसी फिल्म है। फिल्म में प्रभास एक युवा उत्तराधिकारी की भूमिका में हैं, जो रॉयल विरासत के लिए विषम परिस्थितियों के बीच सामने आता है और राजा साब बनता है। प्रभास के साथ फिल्म में मालविका मोहनन, निधि अग्रवाल, संजय दत्त और रिद्धि कुमार मुख्य भूमिकाओं में हैं। निर्देशक मारुति की यह फिल्म तेलुगू के अलावा हिंदी, तमिल, कन्नड़ और मलयालम में 9 जनवरी को रिलीज होगी।
जन नायकन : थलापति विजय की यह आखिरी फिल्म मानी जा रही है, इसके बाद वह राजनीति में पूरी तरह से फोकस करेंगे। यह पॉलिटिकल एक्शन थ्रिलर है, जिसमें विजय जन नायक के रूप में न्याय और शक्ति की लड़ाई लड़ते नजर आएंगे। फिल्म में उनके साथ पूजा हेगड़े, बॉबी देओल, प्रकाश राज और प्रियमणि हैं। निर्देशक एच. विनोद की फिल्म भी 9 जनवरी को ही रिलीज होगी।
माना शंकर वारा प्रसाद गुरु: बहुप्रतीक्षित फिल्म में मेगास्टार चिरंजीवी मुख्य भूमिका में हैं। उनके साथ नयनतारा लीड हीरोइन हैं। यह फिल्म 12 जनवरी को संक्रांति पर रिलीज होगी। निर्देशक अनिल रविपुडी पहली बार चिरंजीवी के साथ काम कर रहे हैं।
भरता महासयुलकु विग्नयप्ति मास्टर: रवि तेजा की आगामी रोमांटिक ड्रामा फिल्म का निर्देशन किशोर तिरुमाला ने किया है। यह फिल्म जनवरी में संक्रांति के मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज होगी। कम बजट में बनी यह फिल्म अपनी भावुक और दिल छूने वाली कहानी से दर्शकों का मनोरंजन करेगी। फिल्म में रवि तेजा अलग अंदाज में नजर आएंगे।
नारी नारी नडुमा मुरारी: यह मनोरंजक और हल्की-फुल्की फैमिली कॉमेडी फिल्म है, जिसका निर्देशन राम अब्बाराजू ने किया है। फिल्म की कहानी त्योहार के उत्साही माहौल में सेट है, जहां परिवार, रिश्ते और हंसी-मजाक की भरमार है। इसमें रोजमर्रा की जिंदगी की मजेदार स्थितियां और दिल छूने वाले पल दिखाए गए हैं। संक्रांति के अवसर पर 14 जनवरी को रिलीज हो रही यह फिल्म पूरे परिवार के साथ देखने लायक है।
टॉक्सिक: यश की बहुप्रतीक्षित फिल्म टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स एक पीरियड गैंगस्टर ड्रामा है। गोवा की ड्रग कार्टेल पृष्ठभूमि पर बनी यह फिल्म एक्शन से भरपूर है। 19 मार्च को रिलीज के लिए तैयार फिल्म में यश के साथ नयनतारा, कियारा आडवाणी, हुमा कुरैैैैैैशी और तारा सुतारिया मुख्य भूमिकाओं में हैं। गीतु मोहनदास के निर्देशन में बनी फिल्म कन्नड़ और इंग्लिश के साथ ही छह भाषाओं में रिलीज होगी।
स्पिरिट: प्रभास और संदीप रेड्डी वांगा की पहली जोड़ी वाली स्पिरिट एक हाई-वोल्टेज एक्शन ड्रामा है। फिल्म में प्रभास एक गुस्सैल पुलिस ऑफिसर की भूमिका में हैं, जिसमें इंटेंस इमोशंस और रॉ एक्शन होगा। उनके साथ तृप्ति डिमरी लीड हीरोइन हैं, जबकि विवेक ओबेरॉय और प्रकाश राज अहम रोल में हैं। निर्देशक संदीप रेड्डी की पैन इंडिया फिल्म की पहली झलक हाल ही में सामने आई है।
जेलर 2: साल 2026 की मोस्ट अवेटेड फिल्मों की बात करें तो रजनीकांत की फिल्म ‘जेलर 2’ भी है, जो 12 जून को सिनेमाघरों में दस्तक देगी। साल 2023 की ब्लॉकबस्टर जेलर के सीक्वल जेलर 2 में रजनीकांत फिर से ‘टाइगर’ मुथुवेल पांडियन के रोल में धमाल मचाएंगे। डार्क ह्यूमर और एक्शन से भरपूर फिल्म में रजनीकांत के साथ योगी बाबू, राम्या कृष्णन और अन्य कलाकार अहम भूमिकाओं में हैं। निर्देशक नेल्सन दिलीप कुमार की फिल्म में संगीत अनिरुद्ध का है।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


