रांची, 19 दिसंबर (khabarwala24)। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी-2025 का खिताब जीतकर इतिहास रचने वाली झारखंड क्रिकेट टीम के सदस्यों ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से उनके आवास पर मुलाकात की। टीम के कप्तान और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर ईशान किशन ने मुख्यमंत्री को सांकेतिक रूप से पूरी टीम के साथ विजेता ट्रॉफी सौंपकर जीत का जश्न मनाया।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए खिलाड़ियों, सपोर्ट स्टाफ और झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (जेएससीए) को बधाई दी। मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम में मंत्री सुदिव्य कुमार, विधायक कल्पना सोरेन और मुख्य सचिव अविनाश कुमार भी उपस्थित रहे। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। इस दौरान कप्तान ईशान किशन सहित टीम के अन्य खिलाड़ियों ने मुख्यमंत्री के साथ टूर्नामेंट के दौरान अपने प्रदर्शन और अनुभव साझा किए।
सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि सैयद मुश्ताक अली टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट में झारखंड की जीत डोमेस्टिक क्रिकेट में एक नया कीर्तिमान है और यह पूरे राज्य के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में इस तरह की सफलता से राज्य में खेलों को बढ़ावा मिलता है।
उन्होंने यह भी कहा कि आज क्रिकेट के साथ-साथ हॉकी, तीरंदाजी और अन्य खेलों में भी झारखंड के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राज्य का नाम रोशन कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों से संवाद के दौरान राज्य में मजबूत खेल वातावरण विकसित करने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि स्कूल और कॉलेज स्तर से खेलों को बढ़ावा देकर प्रतिभावान खिलाड़ियों को आगे आने का अवसर दिया जाना चाहिए। मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि इस दिशा में राज्य सरकार हर संभव सहयोग करेगी।
इस मौके पर जेएससीए अध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव, उपाध्यक्ष संजय पांडेय, सचिव सौरभ तिवारी, संयुक्त सचिव शाहबाज नदीम सहित एसोसिएशन के पदाधिकारी, झारखंड क्रिकेट टीम के सदस्य और सपोर्ट स्टाफ मौजूद रहे।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


