चतरा, 7 अक्टूबर (khabarwala24)। झारखंड के चतरा जिला मुख्यालय स्थित एक स्टोर में ‘उल्लू का धमाका’ ब्रांड नामक मिठाई बेचने वाले एक स्थानीय विक्रेता के खिलाफ 2 लाख 70 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया है। यह आदेश खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत चतरा के अपर समाहर्ता सह न्याय निर्णयन पदाधिकारी की अदालत ने जारी किया है।
जानकारी के अनुसार, चतरा में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी की टीम ने कैलाश प्रसाद अग्रवाल नामक व्यक्ति द्वारा संचालित स्टोर में जांच के दौरान शुगर बॉयल्ड कॉन्फेक्शनरी ‘जय पारस उल्लू का धमाका’ नाम से बेची जा रही मिठाई के नमूने जब्त किए थे। नमूनों की जांच राष्ट्रीय खाद्य प्रयोगशाला, कोलकाता में कराई गई, जिसमें उत्पाद को भ्रामक ब्रांड बताया गया।
परीक्षण रिपोर्ट और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर यह स्पष्ट हुआ कि यह मिठाई उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकती है और फूड पॉइजनिंग का खतरा उत्पन्न कर सकती है। इस रिपोर्ट के आधार पर अपर समाहर्ता-सह-न्याय निर्णयन अधिकारी, चतरा की अदालत में मामले की सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान प्रतिष्ठान संचालक का जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया। इसके बाद, खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम की धारा-52 के तहत स्टोर संचालक पर दंड लगाया गया।
न्यायालय ने आदेश दिया कि 2.70 लाख रुपए की राशि आदेश प्राप्ति के सात दिनों के भीतर जमा की जाए और इसकी सूचना संबंधित अधिकारियों को दी जाए। अदालत ने चेतावनी दी कि अगर आदेश का पालन नहीं हुआ तो स्टोर संचालक के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई होगी।
इस बीच, झारखंड के खाद्य सुरक्षा विभाग ने आम जनता से अपील की है कि वे केवल प्रमाणित और सुरक्षित ब्रांडेड उत्पादों का ही उपयोग करें और किसी भी संदिग्ध या भ्रामक उत्पाद की जानकारी तुरंत विभाग को दें।
Source : IANS
डिस्क्लेमर: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में Khabarwala24.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर Khabarwala24.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


