बीजिंग, 3 जनवरी (khabarwala24)। हाल ही में चीनी राष्ट्रीय अंतरिक्ष प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, वर्ष 2025 में चीन ने मानवयुक्त अंतरिक्ष अभियान, गहन अंतरिक्ष अन्वेषण और व्यावसायिक अंतरिक्ष क्षेत्रों में कई ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं।
2025 में चीन ने कुल 92 अंतरिक्ष प्रक्षेपण किए, जो एक नया ऐतिहासिक रिकॉर्ड है। चाइना एयरोस्पेस साइंस एंड टेक्नोलॉजी कॉरपोरेशन के एक कर्मचारी ने बताया कि चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने लगातार 11 वर्षों तक नए साल के बधाई संदेश में अंतरिक्ष उपलब्धियों का उल्लेख किया है, जिससे हर चीनी अंतरिक्ष कर्मी के मन में गहन मिशन भावना और गर्व जागृत हुआ है। वर्ष 2025 में 300 से अधिक उपग्रहों को निर्धारित कक्षा में स्थापित किया गया, जिससे प्रक्षेपण संख्या और कक्षीय निर्माण क्षमता में गुणात्मक वृद्धि हुई।
इस वर्ष, शनचो-20 चालक दल ने 204 दिनों तक कक्षा में रहकर चीन के मानवयुक्त अंतरिक्ष इतिहास में सबसे लंबे समय तक कक्षीय रहने का रिकॉर्ड बनाया। शनचो-21 ने 3.5 घंटे में तेज रेंडेव़ज़ और डॉकिंग का नया कीर्तिमान स्थापित किया। शनचो-20 मानवयुक्त अंतरिक्ष यान में आई अचानक समस्या के समाधान के लिए पहली बार “16-दिवसीय आपातकालीन प्रक्षेपण” सफलतापूर्वक कार्यान्वित किया गया, जो चीन की मानवयुक्त अंतरिक्ष आपातकालीन प्रतिक्रिया क्षमता को दर्शाता है।
उधर, थ्येनवन-2 ने चीन के पहले क्षुद्रग्रह नमूना वापसी मिशन की शुरुआत की, जिससे मानवता की गहन अंतरिक्ष खोज में चीन का योगदान बढ़ा। वर्ष 2025 में कई व्यावसायिक रॉकेटों के सघन प्रक्षेपण ने चीन के व्यावसायिक अंतरिक्ष क्षेत्र को गतिशील ऊर्जा प्रदान की।
“15वीं पंचवर्षीय योजना” (2026-2030) की शुरुआत में, चीन अंतरिक्ष के नए लक्ष्यों की ओर अग्रसर है। मानव चंद्रमा लैंडिंग परियोजना से संबंधित कई प्रयोग किए जाएंगे, छांग’अ-7 चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर पानी की खोज के लिए रवाना होगा, और कई नए रॉकेटों के पहले प्रक्षेपण और पुनःप्रयोग की चुनौतियाँ सामने आएंगी। चीन एक मजबूत अंतरिक्ष राष्ट्र बनाने के लक्ष्य की ओर नए सफर पर बढ़ रहा है।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


