Khabawala24 News New Delhi: Weather Today पूरे देश में गर्मी का असर अब कम होने लगा है। बारिश की बौछारें लगभग हर राज्य में पड़ने लगी है। इसी क्रम में आज भी कई जगह हल्की बारिश तो कई जगह भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। जानिए आज दिल्ली समेत देश के अन्य राज्यों में कैसा रहेगा मौसम का हाल।
दिल्ली में कब आएगा मॉनसून (Weather Today)
दिल्ली में यूं तो मॉनसून के आगमन का असर दिखने लगा है पर अभी मॉनसून को आने में एक दिन और है। IMD का अनुमान है कि राजधानी में 24 जून तक मॉनसून पहुंच जाएगा। 23 से 25 जून तक अच्छी बारिश की संभावना है, जबकि 24 से 27 जून के बीच गरज-चमक, तेज हवा और रुक-रुककर बारिश होती रहेगी। तापमान भी 29.3 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है। हवा की रफ्तार 7.9 किमी प्रति घंटा रहेगी।
यूपी के इन जिलों में होगी भारी बारिश (Weather Today)
उत्तर प्रदेश में मानसून ने अपनी रफ्तार बढ़ा दी है। रविवार को भी कई जगहों पर हल्की बारिश हुई, जिसकी वजह से उमस भी बढ़ गई है। भारी बारिश का इंतजार कर रहे पश्चिमी यूपी के लोगों का इंतजार आज खत्म हो सकता है। सोमवार को इस क्षेत्र में भी बारिश का होने का अनुमान जताया गया है। सहारनपुर से लेकर रामपुर, सीतापुर समेत कई जिलों में आज भारी बारिश होने का अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान मेघगर्जन के साथ बिजली गिरने की भी चेतावनी है। लोगों को सावधान रहने की सलाह दी गई है।
यूपी में तेज बारिश का अलर्ट (Weather Today)
मौसम विभाग के मुताबिक आज 23 जून सोमवार को प्रदेश के दोनों संभागों में तेज बारिश होने का अलर्ट जारी किया गया है। पश्चिमी यूपी के कई हिस्सों में अनेक जगहों पर बारिश होगी, जबकि पूर्वी यूपी में भी ऐसा ही मौसम रहने का अनुमान है। प्रदेश में आज कहीं-कहीं मेघगर्जन के साथ बिजली गिरने का यलो अलर्ट है। 20 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी भी दी गई है। 24 जून से मानसून और रफ्तार पकड़ेगा और भारी से भारी बारिश हो सकती हैं। 28 जून तक बारिश का ये सिलसिला जारी रहेगा।
यूपी के इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट (Weather Today)
यूपी में आज सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बहराइच, श्रावस्ती, गोंडा, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, बस्ती, महाराजगंज, कुशीनगर, संत कबीर नगर, गोरखपुर और बलिया में कई जगहों पर मेघगर्जन के साथ भारी बारिश की चेतावनी दी गई है. इन जगहों पर बिजली गिरने का भी अलर्ट है।
यूपी के इन जनपदों में भी बारिश की संभावना (Weather Today)
वहीं नोएडा, गाजियाबाद, हापुड़, बुलंदशहर, संबल, बदायूं, कासगंज, अलीगढ़, मथुरा, आगरा, फिरोजाबाद, हाथरस, एटा, मैनपुरी, इटावा, फर्रुखाबाद, हरदोई, बाराबंकी, अयोध्या, झांसी, ललितपुर, अंबेडकर नगर, आजमगढ़, मऊ, बलिया और गाजीपुर में कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। इसके अलावा कन्नैौज, औरैया, कानपुर देहात, जालौन, हमीरपुर, महोबा, बांदा, फ़तेहपुर, रायबरेली, लखनऊ, उन्नाव, अमेठी, सुल्तानपुर, प्रतापगढ़, कौशांबी, चित्रकूट, प्रयागराज, जौनपुर, वाराणसी, चंदौली, सोनभद्र, मीरजापुर और संत रविदास नगर में कुछ जगहों पर बारिश होने का अनुमान है।
यूपी में तापमान में आई कमी
प्रदेश में बीते कुछ दिनों में हुई बारिश की वजह से तापमान में कमी आई है। बीते 24 घंटों में फतेहपुर, कानपुर, लखनऊ, मेरठ और मुजफ्फरनगर में सबसे अधिक 38 डिग्री सेल्सियस के आसपास तापमान रहा। अगले पांच दिनों में मौसम में कोई बदलाव आने का अनुमान नहीं है।
उत्तराखंड में देहरादून और नैनीताल में ऑरेंज अलर्ट
उत्तराखंड में मानसून का आगमन हो चुका है। ऐसे में बारिश का सिलसिला भी शुरू हो गया है। इस बीच मौसम विभाग ने 23 जून को उत्तराखंड के अधिकांश जिले में हल्की से मध्यम बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। वहीं बाकी जिलों में बारिश और गरज-चमक की भी संभावना जताई गई है. देहरादून और नैनीताल जिले में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक 23 जून को उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, अल्मोड़ा, बागेश्वर और पिथौरागढ़ के अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। अन्य जिलों में भी अधिकांश स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।
उत्तराखंड में बारिश के चलते जन जीवन अस्त-व्यस्त
देहरादून और नैनीताल जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है, जिसके चलते इन दोनों जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार, उधम सिंह नगर और चंपावत में कहीं-कहीं भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। बता दें की बीते रविवार को सूबे का अधिकतम तापमान सामान्य से 3 डिग्री कम होकर 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। वहीं रात में न्यूनतम तापमान सामान्य से 2 डिग्री कम 25.8 डिग्री सेल्सियस रहा। सूबे के कई जिलों में भारी बारिश के चलते जन जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।
बिहार में तेज बारिश और बिजली गिरने का खतरा
बिहार में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो चुका है और मौसम विभाग ने 23 जून 2025 को राज्य के कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी है। तेज हवाओं के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है, ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। 22 जून को बिहार के उत्तर-पश्चिमी, उत्तर-मध्य और उत्तर-पूर्वी हिस्सों में व्यापक बारिश हुई, जबकि दक्षिण और मध्य बिहार के क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बरसात दर्ज की गई। कुछ स्थानों पर तेज हवाओं और बिजली गिरने की घटनाएं भी सामने आईं।
बिहार के इन जिलों में रहेगा अलर्ट
मानसून के सक्रिय होते ही राज्य के कई जिलों में मौसम विभाग ने सतर्कता बढ़ा दी है। पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, किशनगंज और अररिया जिलों में अति भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। वहीं, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी और सुपौल में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इसके साथ ही गोपालगंज, सिवान, कटिहार और पूर्णिया समेत उत्तर-पश्चिम और उत्तर-पूर्व बिहार के कई इलाकों में तेज आंधी और वज्रपात की आशंका है। ऐसी स्थिति को देखते हुए IMD पटना ने प्रभावित क्षेत्रों में येलो अलर्ट जारी किया है।
राजस्थान में पूर्व और पश्चिम का अलग-अलग हाल
राजस्थान में मॉनसून ने दस्तक दे दी है लेकिन राज्य के दो हिस्सों में मौसम अलग-अलग रंग दिखा रहा है। पूर्वी राजस्थान में भारी बारिश हो रही है जबकि पश्चिमी राजस्थान में गर्मी और सूखे से लोग बेहाल हैं। 23-24 जून को पूर्वी राजस्थान में बारिश की गतिविधियों में इजाफा हो सकता है।
राजस्थान में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभग ने राजस्थान के अधिकतर जिलों में 5 दिन तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम केन्द्र के अनुसार बंगाल की खाड़ी में आगामी दिनों में बैक टू बैक सिस्टम बनने के कारण पूर्वी राजस्थान में 27 जून से भारी बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होगी। वहीं 23-24 जून को पूर्वी राजस्थान में भारी बारिश की गतिविधियां में बढ़ोतरी होने की संभावना है। इस दौरान कोटा, भरतपुर व जयपुर संभाग में कहीं-कहीं भारी बारिश होगी। वहीं, बीकानेर संभाग के कुछ भागों में 25-27 जून के दौरान आंधी बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने की संभावना है।
खातौली-सवाईमाधोपुर मार्ग बंद
कोटा बैराज के गेट खुलने के बाद चंबल नदी में पानी की आवक बढ़ गई। ऐसे में कैथूदा के पास झरेर के बालाजी पुलिया पर करीब तीन फीट पानी हो गया। इससे से खातौली-सवाईमाधोपुर मार्ग बंद हो गया।
धुंध में लिपटी रही आबू की वादियां
माउंट आबू में बादलों की तेज गर्जना के साथ हुई झमाझम बारिश से नदी-नालों में तेजी से पानी आया। सुबह आठ बजे तक बीते 24 घंटों में करीब आठ इंच बारिश हुई। बारिश के चलते आसमान में बादल छाए रहे और वादियां गहरी धुंध में लिपटी रही।
आज यहां बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने टोंक और बूंदी जिले में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं, जयपुर, दौसा, करौली, सवाई माधोपुर, कोटा, भीलवाड़ा और चित्तौड़गढ़ में ऑरेंज अलर्ट रहेगा। इसके अलावा बारां, झालावाड़, प्रतापगढ़, उदयपुर, सिरोही, जालोर, राजसमंद, पाली, अजमेर, नागौर, भरतपुर, धौलपुर, सीकर, झुंझुनूं, चूरू, हनुमानगढ़, गंगानगर और बीकानेर में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, ट्विटर पर फॉलो करें।


