खबरwala24 न्यूज, हापुड़ : अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद मेरठ प्रांत का 63 वां प्रांत अधिवेशन नगर में पहली बार होने जा रहा है। मोदीनगर रोड स्थित सरस्वती शिशु मंदिर 23 से 25 दिसंबर तक होगा। अधिवेशन को सफल बनाने के लिए तैयारी तेजी से की जा रही है।
परिषद के प्रदेश मंत्री हंश चौधरी ने कहा कि इस अधिवेशन में मेरठ प्रांत के सभी 21 जिलों से छात्र, शिक्षक तथा शिक्षाविदों की सहभागिता रहेगी। इस अधिवेशन में भाग लेने वाले प्रतिनिधि शिक्षा क्षेत्र के विभिन्न परिवर्तनों की समसामियक स्थिति पर चर्चा संगठनात्मक लक्ष्यों का निर्धारण तथा देश के अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर विचार विमर्श करेंगे।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद का प्रांत अधिवेशन शिक्षा तथा राष्ट्र जीवन से जुड़े विषयों पर विचार का गंभीर तथा रचनात्मक मंच है। वर्तमान समय में देश में आत्मनिर्भरता, स्वावलंबन अादि महत्वपूर्ण विषयों पर गंभीर विचार हो रहा है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद का यह महत्वपूर्ण आयोजन उपयुक्त विषयों पर केंद्रीत रहेगा।
उन्होंने बताया कि इस अधिवेशन में कुछ प्रस्ताव पारित किए जाएंगे, जो शिक्षा संबंधित प्रस्ताव जी-20 की भारत देश द्वारा अध्यक्षता के क्रम में इस मंच के माध्यम से विश्व को भारतीय मूल्यों से अवगत कराने आदि से संबंधित विषयों पर केंद्रीत है। इस भव्य कार्यक्रम में अधिवेशन के प्रारंभ होने से लेकर पूर्ण होने तक अनेक महत्वपूर्ण कार्यक्रम एवं बैठकें रहेंगी।
उन्होंने बताया कि प्रांत अधिवेशन प्रतिवर्ष की जाने वाली औपचारिकता मात्र या समारोह मात्र नहीं है। यह भारत के दृढ़ निश्चय, इच्छाशक्ति से पूर्ण युवा एवं छात्रों को राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ राष्ट्र सेवा की दिशा देने एवं इसी भाव के साथ समाज को नेतृत्व देने का कार्य करने का एक प्रभावशाली मंच है।
इस अवसर पर प्रांत सहसंगठन मंत्री तरुण सिंह, बिट्टू जाटव, गौरव गौड़ आदि मौजूद थे।


