हापुड़ (khabarwala24 News)। उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। कोतवाली नगर क्षेत्र के मोहल्ला शकरकुई में रहने वाले नौशाद चौधरी की नाबालिग बेटी का अपहरण हो गया। 28 जनवरी को लड़की घर से अचानक गायब हो गई। पिता और परिवार वालों ने काफी तलाश की, लेकिन कहीं नहीं मिली। बाद में पता चला कि काली मस्जिद किला कोना निवासी नोमान कुरैशी ने गलत इरादे से उसकी बेटी को उठा लिया और फरार हो गया।
आरोपी के घर पहुंचे पिता को मिली जान से मारने की धमकी
जानकारी मिलते ही नौशाद चौधरी आरोपी नोमान के घर पहुंचे और बेटी के बारे में पूछताछ करने लगे। लेकिन आरोपी के परिजनों ने गुस्सा दिखाया। चांद कुरैशी, अनीशा, जिशान, अलतमश और कैफ ने पहले तो पिता के साथ गाली-गलौज की और फिर खुलेआम मौत के घाट उतारने की धमकी दे डाली। डर के मारे पिता को वहां से भगा दिया गया। परिवार को अब अपनी और बेटी की जान का डर सता रहा है। उन्हें लगता है कि लड़की के साथ कोई अनहोनी हो सकती है।
पुलिस ने छह नामजद आरोपियों के खिलाफ दर्ज किया केस
पीड़ित ने तुरंत कोतवाली में तहरीर दी। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद पांडेय ने बताया कि नोमान कुरैशी समेत छह नामजद आरोपियों के खिलाफ अपहरण और धमकी देने का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब सभी आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। साथ ही नाबालिग लड़की को जल्द से जल्द सुरक्षित बरामद करने का दावा किया जा रहा है।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


