Khabarwala 24 News Hapur: मिलावटी शहद की आपूर्ति की सूचना पर मंगलवार को खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) विभाग की टीम ने गढ़ रोड पर नवीन मंडी के पास स्थित एक गोदाम पर छापा मारकर बड़ी कार्रवाई की। शाम करीब सवा सात बजे सहायक आयुक्त द्वितीय सुनील कुमार के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची और गोदाम में रखे शहद की गहन जांच की। जांच के दौरान 400 प्लास्टिक केन में रखा गया करीब चार टन शहद बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 25 लाख रुपये बताई जा रही है।
क्या है पूरा मामला (Hapur)
एफएसडीए अधिकारियों को सूचना मिली थी कि नवीन मंडी के पास स्थित गोदाम में दूसरे राज्य से बड़ी मात्रा में शहद लाकर उसकी ट्रेडिंग की जा रही है और इसे अन्य राज्यों में सप्लाई किया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए विभागीय टीम ने तत्काल छापेमारी की। सहायक आयुक्त सुनील कुमार ने बताया कि यह शहद तुंगनाथ ट्रेडर्स के संचालक अंकित गर्ग द्वारा हरियाणा से प्लास्टिक केन में खरीदकर लाया गया था। यहां से इसकी ट्रेडिंग कर आंध्र प्रदेश सहित अन्य राज्यों में बिक्री की जा रही थी। निरीक्षण के दौरान शहद के किसी भी केन पर न तो कोई ब्रांड मार्का था और न ही पैकेजिंग से जुड़े आवश्यक नियमों का पालन किया गया था।
नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा (Hapur)
अधिकारियों के अनुसार शहद पर न तो निर्माण तिथि अंकित थी और न ही एक्सपायरी डेट या आवश्यक लेबल मौजूद था। पैकेजिंग एवं लेबलिंग नियमों की अनदेखी से यह आशंका जताई गई कि शहद मिलावटी हो सकता है। इसी आधार पर टीम ने मौके से शहद के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए हैं।
गोदाम को किया सील (Hapur)
एफएसडीए ने नमूनों की रिपोर्ट आने तक गोदाम में रखे पूरे शहद को सील कर दिया है, ताकि इसकी बिक्री बाजार में न हो सके। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि जांच रिपोर्ट में शहद मिलावटी पाया गया तो संबंधित फर्म के खिलाफ खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और उपभोक्ताओं की सेहत से खिलवाड़ करने वालों पर शिकंजा कसने का संदेश दिया गया है।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


