हापुड़, 20 दिसंबर (Khabarwala24)। उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में सोशल मीडिया पर दो खतरनाक वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं। इन वीडियो में युवक अपनी जान जोखिम में डालकर रील बनाने की कोशिश कर रहे हैं। एक वीडियो में युवक रेलवे ट्रैक पर चलती ट्रेन के साथ दौड़ लगाता और ट्रैक पर ही व्यायाम करता दिख रहा है।
दूसरे वीडियो में युवक दिल्ली-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग नंबर 9 पर स्थित डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर (डीएफसी) के ओवरब्रिज से लटककर एक्सरसाइज कर रहा है, जबकि नीचे से तेज रफ्तार वाहन गुजर रहे हैं। इन वीडियो को देखकर लोगों में डर पैदा हो गया है, क्योंकि एक छोटी सी गलती जानलेवा साबित हो सकती है।
हापुड़ में खतरनाक स्टंट: रेलवे ट्रैक और ओवरब्रिज पर युवकों की जानलेवा हरकतें, वीडियो वायरल, आरपीएफ ने शुरू की जांच#hapur #hapurnews #Stunt #Viral #viralvideo #RPF pic.twitter.com/1OVpqJUSor
— khabarwala24 (@khabarwala24) December 20, 2025
सोशल मीडिया यूजर्स ने इन वीडियो पर नाराजगी जताई है। कई लोगों ने लिखा कि वायरल होने की चाह में अपनी और दूसरों की सुरक्षा से खिलवाड़ करना बिल्कुल गलत है। एक छोटी सी चूक से बड़ा हादसा हो सकता है। लोग इसे सोशल मीडिया की खतरनाक ट्रेंड का हिस्सा बता रहे हैं।
रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने दोनों वीडियो का संज्ञान लिया है। आरपीएफ प्रभारी राकेश यादव ने बताया कि वीडियो की जांच शुरू कर दी गई है। स्टंट करने वाले युवकों की तलाश की जा रही है। जल्द ही उनकी पहचान हो जाने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि ऐसी हरकतें न केवल खुद की जान को खतरे में डालती हैं, बल्कि रेलवे संपत्ति और आम जनता की सुरक्षा के लिए भी खतरा पैदा करती हैं।
पिलखुवा क्षेत्र में डीएफसी पुल पर हुए स्टंट की जांच स्थानीय पुलिस भी कर रही है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर वायरल होने के चक्कर में खतरनाक स्टंट न करें। रेलवे ट्रैक या पुलों पर ऐसी हरकतें रेलवे एक्ट के तहत अपराध हैं।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


