Khabarwala 24 News Hapur: उत्तर प्रदेश के हापुड़ (Hapur)जिले के थाना देहात क्षेत्र स्थित नवीन मंडी में शुक्रवार रात को दो चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पिकअप गाड़ी सवार आरोपियों ने आढ़तियों की दुकानों के बाहर रखी हजारों रुपये की सब्जी चोरी कर ली। एक आरोपी को पल्लेदार ने पकड़ भी लिया था, लेकिन साथी ने लोहे की रॉड से हमला कर उसे छुड़ा लिया। घटना के बाद सब्जी व्यापारियों में आक्रोश फैल गया है, जिन्होंने पुलिस से तत्काल गिरफ्तारी, सब्जी बरामदगी और मंडी में गश्त बढ़ाने की मांग की है। थाना पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में ले ली है और आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।
क्या है पूरा मामला (Hapur)
शुक्रवार रात नवीन मंडी में दो संदिग्ध पिकअप गाड़ी से पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले मोहल्ला सोटावाली निवासी दामोदर की आढ़ती के बाहर रखे 26 कट्टे अरबी चोरी किए, जिनका मूल्य करीब 32 हजार रुपये था। इसके बाद मोहल्ला त्यागी नगर निवासी राजपाल खटीक की आढ़ती से 40 हजार रुपये की शिमला मिर्च और अदरक के कट्टे लूट लिए। कुल चोरी का अनुमानित मूल्य 72 हजार रुपये है।
सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए आरोपी (Hapur)
चोरी के दौरान एक पल्लेदार लक्ष्मण ने संदिग्धों को देख लिया और एक आरोपी को पकड़ लिया। लेकिन दूसरा आरोपी लोहे की रॉड लेकर आया और लक्ष्मण पर हमला कर साथी को छुड़ा लिया। दोनों चोर सब्जी लादकर पिकअप में फरार हो गए। सूचना मिलते ही पीड़ित आढ़ती दामोदर, राजपाल खटीक और अन्य विक्रेता मौके पर पहुंचे। उन्होंने मंडी के आसपास CCTV कैमरों से फुटेज चेक की, जिसमें दोनों आरोपी साफ दिख रहे हैं। व्यापारियों ने तत्काल थाना हापुड़ देहात को सूचना दी।
व्यापारियों का आक्रोश (Hapur)
नवीन मंडी में रोजाना हजारों किसान और व्यापारी सब्जियां बेचने आते हैं, लेकिन रात्रि में सुरक्षा की कमी से चोरों का मनोबल बढ़ रहा है। पुलिस को मंडी में 24 घंटे गश्त करनी चाहिए।उन्होंने जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर वारदात का पर्दाफाश करने की मांग की है।
पुलिस का एक्शन: CCTV फुटेज से तलाश, गश्त बढ़ाने का वादा (Hapur)
थाना हापुड़ देहात प्रभारी विजय गुप्ता ने बताया, “घटना की सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची। आसपास के CCTV कैमरों की फुटेज कब्जे में ले ली गई है, जिसमें आरोपियों के चेहरे साफ दिख रहे हैं। पिकअप गाड़ी का नंबर भी ट्रेस किया जा रहा है। नवीन मंडी में गश्त बढ़ाई जाएगी।


Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।

