Khabarwala 24 News Hapur: उत्तर प्रदेश के हापुड़ (Hapur) जनपद के बाबूगढ़ थाना क्षेत्र में रविवार, 26 अक्टूबर 2025 की सुबह एनएच-09 पर उपैड़ा फ्लाईओवर के पास तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। इस हादसे में दोनों युवकों की मौत हो गई। मृतक दोस्त थे और गुरुग्राम में डिलीवरी ब्वॉय का काम करते थे। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी। मृतकों के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
क्या है पूरा मामला (Hapur)
सीओ सिटी वरुण मिश्रा ने बताया कि जिला शाहजहांपुर के गांव रतुली निवासी अशोक (25 वर्ष) और पड़ोस के गांव के अंकित (26 वर्ष) गुरुग्राम में डिलीवरी ब्वॉय के रूप में काम करते थे। दोनों 20 अक्टूबर को दीपावली की छुट्टियां मनाने अपने गांव आए थे। रविवार तड़के दोनों एक बाइक पर सवार होकर गुरुग्राम वापस जा रहे थे। एनएच-09 पर उपैड़ा फ्लाईओवर के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। वहां अशोक को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि अंकित को गंभीर हालत में मेरठ रेफर किया गया। मेरठ में उपचार के दौरान अंकित ने भी दम तोड़ दिया।
परिवार में कोहराम (Hapur)
अशोक अपनी पत्नी छाया, दो बेटियों आस्था और अलका को पीछे छोड़ गए हैं, जबकि अंकित अपनी पत्नी पूनम, बेटे निखिल और बेटी दुर्गा को छोड़ गए हैं। हादसे की खबर मिलते ही दोनों के परिवारों में कोहराम मच गया।
पुलिस की कार्रवाई (Hapur)
थाना प्रभारी निरीक्षक मुनीष प्रताप सिंह ने बताया कि अभी तक दुर्घटना के संबंध में कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा। पुलिस हादसास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है और जल्द ही ट्रक चालक को गिरफ्तार करने का दावा किया है।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


