Khabarwala 24 News Hapur: जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में 22 जनवरी को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में शहीद हुए भारतीय सेना के जवान रिंखिल बालियान का शनिवार को उनके पैतृक गांव भटैल, जनपद हापुड़ में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान ऐसा भावुक दृश्य देखने को मिला कि वहां मौजूद हर आंख नम हो गई। शहीद रिंखिल को उनके एक साल के बेटे राघव ने मुखाग्नि दी, जिसे देखकर जिलाधिकारी अभिषेक पांडे भी खुद को रोक नहीं पाए और फफक-फफककर रो पड़े।
अंतिम दर्शन के लिए उमड़ा हजूम (Hapur)
डोडा आर्मी वाहन हादसे में सेना की गाड़ी खाई में गिरने से 10 जवान शहीद हो गए थे। इनमें हापुड़ के वीर सपूत रिंखिल बालियान भी शामिल थे। शनिवार को जब उनका पार्थिव शरीर गांव पहुंचा, तो पूरे गांव में मातम छा गया। अंतिम दर्शन के लिए आसपास के गांवों से भी भारी संख्या में लोग पहुंचे।
भावुक हो गए लोग (Hapur)
शहीद जवान को गार्ड ऑफ ऑनर, तिरंगे में लिपटा पार्थिव शरीर और देशभक्ति नारों के बीच अंतिम विदाई दी गई। जैसे ही एक साल का बेटा मुखाग्नि देने आगे बढ़ा, वहां मौजूद लोग भावुक हो उठे। यह दृश्य हर किसी के दिल को झकझोर देने वाला था।
कौन थे शहीद रिंखिल बालियान (Hapur)
शहीद रिंखिल बालियान भारतीय सेना में कार्यरत थे। वह हापुड़ के भटैल गांव के निवासी थे। उनके पिता भी सेना में रह चुके थे, जिससे उन्हें भी देशसेवा की प्रेरणा मिली। करीब पांच साल पहले उनकी शादी हुई थी। उनके परिवार में तीन साल की बेटी जसप्रीत और एक साल का बेटा राघव है।
15 दिन की छुट्टी पर गांव आए थे रिंखिल (Hapur)
गांव के प्रधान इकबाल ने बताया कि शहीद रिंखिल बालियान 15 दिन की छुट्टी लेकर गांव आए थे। वह रोज अपने दोस्तों और ग्रामीणों से मिलते थे और सेना, आतंकवादियों के खिलाफ चल रहे ऑपरेशन और अपने अनुभव साझा करते थे। जब वह देश और सेना की बात करते थे, तो उनके चेहरे पर गर्व साफ झलकता था।
गांव को है मासूम बच्चों की चिंता (Hapur)
प्रधान इकबाल ने बताया कि रिंखिल के शहीद होने के बाद पूरे गांव को चिंता उनकी तीन साल की बेटी जसप्रीत और एक साल के बेटे राघव की है। गांव के लोग शहीद के परिवार के साथ खड़े हैं और हरसंभव मदद का भरोसा दे रहे हैं।
बताया गया कि रिंखिल ने अपने बेटे राघव का नामकरण संस्कार भी बड़े धूमधाम से कराया था।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।




