Khabarwala 24 News Hapur: हापुड़ देहात थाना क्षेत्र, मेरठ रोड हापुड़, स्थित एसपी आवास हापुड़ से कुछ दूरी पर एक निजी कंपनी के कार्यालय में बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। चोरों ने इंसकार्ट सर्विस प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के कैश रूम से करीब 14 लाख रुपये की नकदी चोरी कर ली और फरार हो गए।
क्या है पूरा मामला (Hapur )
यह पूरी वारदात कंपनी कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज पुलिस के हाथ लग चुकी है, जिसमें तीन संदिग्ध चोर साफ तौर पर चोरी करते हुए नजर आ रहे हैं।पुलिस को दी गई तहरीर में गांव दस्तोई हापुड़ निवासी राहुल शर्मा ने बताया कि वह उक्त कंपनी में कार्यरत है। 9 फरवरी की रात करीब साढ़े 12 बजे, तीन अज्ञात चोर कार्यालय में घुसे और मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर कैश रूम में रखी नकदी चोरी कर ले गए।
पुलिस ने घटनास्थल का किया निरीक्षण (Hapur )
सुबह जब कंपनी के कर्मचारी कार्यालय पहुंचे तो ताला टूटा हुआ मिला और कैश रूम से पैसे गायब थे। इसके बाद तत्काल हापुड़ पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण, साक्ष्य संकलन और सीसीटीवी फुटेज की जांच की।
पुलिस चोरों की तलाश में जुटी (Hapur )
थाना देहात प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की टीमें सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी में जुटी हैं। जल्द ही हापुड़ चोरी कांड का खुलासा कर चोरी की रकम बरामद किए जाने का दावा किया गया है।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


