हापुड़ पुलिस ने जिले में अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए विभिन्न अपराधों में शामिल 30 शातिर बदमाशों पर गैंगस्टर एक्ट की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर चलाए गए विशेष अभियान में आठ थानों के प्रभारियों ने यह एक्शन लिया। इन अपराधियों में बाइक चोरी, घरों में चोरी, दुकान तोड़कर चोरी, पशु चोरी और नकबजनी जैसे मामलों के आरोपी शामिल हैं।
बाबूगढ़ थाने की कार्रवाई
बाबूगढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक मुनीष प्रताप सिंह चौहान ने बताया कि बाइक चोरी करने वाले दो शातिर अपराधियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट लगाया गया है। ये आरोपी हैं पटना मुरादपुर निवासी वाहिद और गोहरा आलमगीरपुर निवासी हर्षित।
धौलाना थाने ने दो अपराधियों पर एक्शन
धौलाना थाना प्रभारी मनीष चौहान ने कहा कि मकानों और वाहनों में चोरी करने वाले गांव पिपलैड़ा निवासी शावेज और गांव शेखपुर खिचरा निवासी शहजाद उर्फ मंडी के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पिलखुवा कोतवाली की कार्रवाई
पिलखुवा कोतवाली प्रभारी निरीक्षक श्यौपाल सिंह ने जानकारी दी कि बंद दुकानों और मकानों में चोरी करने वाले तीन अपराधियों पर गैंगस्टर एक्ट लगाया गया। ये हैं मोदीनगर निवासी अमर, गांव सिखैड़ा निवासी विकास और हापुड़ नगर के केशवनगर निवासी रविंद्र।
बहादुरगढ़ थाने का एक्शन
बहादुरगढ़ थाना प्रभारी ने बताया कि गांव वैट निवासी नौशाद और सलमान के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली की कार्रवाई
गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र सिंह बिष्ट ने कहा कि मेरठ जिले के भावनपुर निवासी कुलदीप और लिसाड़ी गेट निवासी जैद पर गैंगस्टर एक्ट लगाया गया है।
हाफिजपुर थाने ने तीन नकबजनों पर शिकंजा कसा
हाफिजपुर थाना प्रभारी प्रवीन कुमार ने बताया कि नकबजनी और मंदिरों में चोरी करने वाले बुलंदशहर जिले के गांव गनौरा शेख निवासी योगेश, सद्दाम खान और आस मोहम्मद के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट में मुकदमा दर्ज हुआ है।
देहात थाने ने पशु चोरी के गिरोह पर कार्रवाई
देहात थाना प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार ने जानकारी दी कि पशु चोरी करने वाले चार शातिर अपराधियों पर एक्शन लिया गया। ये हैं गांव रतूपुरा निवासी मोहसिन, पुरानी चुंगी निवासी अमन और जुबैर तथा आवास विकास कालोनी निवासी नईम। इस गिरोह ने 24 जून 2025 को गांव श्यामपुर निवासी राजकुमार के घर से भैंस चोरी की थी।
कोतवाली नगर ने सबसे ज्यादा अपराधियों पर लगाया गैंगस्टर एक्ट
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार पांडेय ने बताया कि आठ अपराधियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट में कार्रवाई की गई है। इनमें मोहल्ला चमरी निवासी देवेंद्र कुमार उर्फ देवेंद्र त्यागी उर्फ गुल्लू, नवीन मंडी निवासी रीनू उर्फ रेनू, हरियाणा के कैथल के बलराज नगर और हाल हापुड़ के गांव भडंगपुर निवासी लक्ष्मी देवी, जगरोशनी, दरोगा वाली गली निवासी रजनी और संजीत कुमार, गांव भडंगपुर निवासी निशांत कुमार उर्फ डोम तथा ऋषभ कुमार शामिल हैं।
इस विशेष अभियान से जिले में अपराधियों पर लगाम लगाने की कोशिश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि ऐसे शातिर बदमाशों के खिलाफ सख्ती जारी रहेगी।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


