Khabarwala 24 News Hapur: Hapur News हापुड़ जिले के गांव ह्दयपुर में डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर से जुड़े एक आधुनिक लॉजिस्टिक पार्क का गुरुवार को भव्य शुभारंभ किया गया। इस परियोजना का उद्घाटन डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (DFCCIL) के प्रबंध निदेशक प्रवीन कुमार ने किया। इस लॉजिस्टिक पार्क के शुरू होने से न केवल माल परिवहन को नई गति मिलेगी, बल्कि क्षेत्रीय विकास और रोजगार के अवसरों में भी बढ़ोतरी होने की उम्मीद है।
न्यू गुलावठी स्टेशन के पास में स्थित है लॉजिस्टक पार्क (Hapur News)
यह लॉजिस्टिक पार्क हापुड़ और गुलावठी के बीच न्यू गुलावठी स्टेशन के पास स्थित है। इसका निर्माण कार्य अप्रैल 2025 में शुरू हुआ था और अब इसे संचालन के लिए तैयार कर दिया गया है। इस परियोजना का संचालन मैसर्स सुशीला वेंकटेश्वरा इंटीग्रेटिड लॉजिस्टिक पार्क फर्म को सौंपा गया है।


प्रबंध निदेशक ने पार्क का किया निरीक्षण (Hapur News)
उद्घाटन के दौरान प्रबंध निदेशक प्रवीन कुमार विशेष ट्रेन के माध्यम से मौके पर पहुंचे और पार्क का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रेलवे के जरिए माल परिवहन बढ़ने से न केवल रेलवे की आय में इजाफा होगा, बल्कि सड़कों पर भारी वाहनों की संख्या घटने से सड़क दुर्घटनाओं में भी कमी आने की संभावना है।
300 किलोमीटर के दायरे में जाएंगे चार पहिया वाहन (Hapur News)
इस लॉजिस्टिक पार्क की खासियत यह है कि यहां देश के विभिन्न राज्यों से आने वाले चार पहिया वाहनों की लोडिंग और अनलोडिंग की जाएगी। चेन्नई, बेंगलुरु और पुणे जैसे शहरों से आने वाले ऑटोमोबाइल्स को मालगाड़ियों के माध्यम से यहां लाया जाएगा और फिर हापुड़ से करीब 300 किलोमीटर के दायरे में स्थित विभिन्न जिलों में वितरित किया जाएगा।
252 कंटेनर लोड होकर आएंगे (Hapur News)
परियोजना से जुड़े अधिकारियों ने बताया कि प्रत्येक मालगाड़ी में करीब 252 कंटेनर लोड होकर आएंगे और यहां से विभिन्न स्थानों के लिए भेजे जाएंगे। यह पार्क ऑटोमोबाइल लॉजिस्टिक्स के लिए एक प्रमुख हब के रूप में विकसित किया जा रहा है, जिससे पूरे एनसीआर क्षेत्र को लाभ मिलेगा।

औद्योगिक गतिविधियां बढ़ेगी (Hapur News)
स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी इस परियोजना का स्वागत किया है। विधायक विजयपाल आढ़ती और ब्लॉक प्रमुख ममता तेवतिया ने कहा कि लॉजिस्टिक पार्क के शुरू होने से क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियां बढ़ेंगी और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर के तहत कोलकाता से सहारनपुर तक माल परिवहन के लिए आधुनिक रेल नेटवर्क तैयार किया गया है, जिसमें हापुड़ एक महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में उभरा है। इस कॉरिडोर के साथ विभिन्न स्थानों पर लॉजिस्टिक पार्क विकसित किए जा रहे हैं ताकि माल की लोडिंग और अनलोडिंग को सुगम बनाया जा सके।
अर्थव्यवस्था को देगा मजबूती (Hapur News)
गांव ह्दयपुर में बना यह लॉजिस्टिक पार्क आने वाले समय में जिले की अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के साथ-साथ जिले को एक प्रमुख ट्रांसपोर्ट और लॉजिस्टक हब के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।



