Khabarwala 24 News Hapur: Hapur News हापुड़ जिले में गैस सिलेंडरों की आपूर्ति में अनियमितता और कालाबाजारी का बड़ा मामला सामने आया है। शिकायतों के बाद पूर्ति विभाग की टीम ने जांच कर कार्रवाई करते हुए भारत गैस एजेंसी के गोदाम को सील कर दिया है। साथ ही एजेंसी संचालक के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
एजेंसी पर कार्रवाई (Hapur News)
यह पूरा मामला थाना देहात क्षेत्र के गांव टियाला स्थित महेंद्र भारत गैस एजेंसी का है। उपभोक्ताओं की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद पूर्ति विभाग ने जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान सामने आया कि बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर की बुकिंग करने के बावजूद सिलेंडर नहीं मिल रहा था।
पूर्ति निरीक्षक कमलेश कुमार झा ने बताया कि अधिकारियों के निर्देश पर एजेंसी की जांच की गई। सबसे पहले टीम आवास विकास कॉलोनी स्थित एजेंसी कार्यालय पहुंची। वहां कार्यालय बंद मिला और मौके पर मौजूद उपभोक्ताओं ने बताया कि कार्यालय पिछले दो दिनों से बंद है।
दूसरे कार्यालय में भी नहीं मिला कर्मचारी (Hapur News)
इसके बाद जांच टीम आनंद विहार स्थित एजेंसी के दूसरे कार्यालय पहुंची। यहां कार्यालय खुला मिला, लेकिन वहां भी कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था। कार्यालय में मौजूद एक युवती ने बताया कि उसकी बहन एजेंसी में काम करती है और वह उसकी जगह बैठी है।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि एजेंसी द्वारा दो अलग-अलग स्थानों पर कार्यालय संचालित किए जा रहे थे, लेकिन इसकी जानकारी विभाग को नहीं दी गई थी। इसे भी नियमों का उल्लंघन माना गया।
गोदाम में बड़ी संख्या में सिलेंडर मिले (Hapur News)
जांच टीम इसके बाद गांव टियाला स्थित गैस गोदाम पहुंची, जहां गोदाम बंद मिला। पूछताछ के बाद स्टोरकीपर सूरजभान ने ताला खोलकर निरीक्षण कराया।
निरीक्षण में गोदाम के अंदर 14.2 किलोग्राम के 1057 खाली घरेलू गैस सिलेंडर और 28 भरे हुए घरेलू सिलेंडर मिले। इसके अलावा 19 किलोग्राम के 112 खाली व्यावसायिक सिलेंडर भी पाए गए।
सबसे बड़ी अनियमितता यह सामने आई कि मौके पर स्टॉक रजिस्टर भी उपलब्ध नहीं था। विभागीय नियमों के अनुसार गैस एजेंसी को गोदाम में स्टॉक रजिस्टर रखना अनिवार्य होता है।
उपभोक्ताओं ने लगाए गंभीर आरोप (Hapur News)
जांच के दौरान गोदाम के बाहर मौजूद कई उपभोक्ताओं ने टीम को बताया कि वे गैस सिलेंडर लेने आए थे, लेकिन उन्हें गैस उपलब्ध नहीं कराई जा रही है। पूर्ति विभाग की टीम ने मौके पर करीब 50 उपभोक्ताओं के बयान दर्ज किए।
उपभोक्ताओं ने बताया कि गैस बुकिंग करने के बाद उनके मोबाइल पर सिलेंडर डिलीवरी का मैसेज आ गया, लेकिन उन्हें वास्तव में गैस सिलेंडर नहीं मिला। कई उपभोक्ताओं ने यह भी आरोप लगाया कि बिना ओटीपी के ही उनके कनेक्शन पर डिलीवरी दर्ज कर दी गई।
इस कारण उपभोक्ता दोबारा गैस बुकिंग भी नहीं कर पा रहे थे और उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
कई महीनों से नहीं मिल रहा था सिलेंडर (Hapur News)
कुछ उपभोक्ताओं ने लिखित शिकायत में बताया कि फरवरी और मार्च महीने में डिलीवरी का मैसेज आने के बावजूद उन्हें सिलेंडर नहीं मिला। वहीं कुछ लोगों ने कई महीनों से गैस आपूर्ति नहीं मिलने की शिकायत भी दर्ज कराई।
जांच में यह भी सामने आया कि एजेंसी संचालक द्वारा गैस की आपूर्ति बाधित होने या स्टॉक की कमी की कोई सूचना जिला पूर्ति कार्यालय या जिला प्रशासन को नहीं दी गई थी।
कालाबाजारी की आशंका (Hapur News)
पूर्ति विभाग की प्रारंभिक जांच में यह संकेत मिले हैं कि गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी कर अवैध लाभ कमाने की कोशिश की जा रही थी। इसी आधार पर विभाग ने कड़ी कार्रवाई करते हुए एजेंसी के गोदाम को सील कर दिया।
एजेंसी संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज (Hapur News)
थाना देहात प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार ने बताया कि पूर्ति निरीक्षक कमलेश कुमार झा की तहरीर के आधार पर महेंद्र भारत गैस एजेंसी की संचालक सविता कुमारी गुप्ता के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन का कहना है कि उपभोक्ताओं के साथ किसी भी तरह की धोखाधड़ी या गैस सिलेंडर की कालाबाजारी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।



