Khabarwala 2 News Hapur: Hapur News जनपद के सिम्भावली थाना क्षेत्र में खेत की बाउंड्री को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि विवाद के दौरान भाजपा नेता के साथ मारपीट की गई और उन पर फायरिंग भी की गई। इस मामले में पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला (Hapur News)
मिली जानकारी के अनुसार हरोड़ा मोड़ निवासी भाजपा नेता दीपक भाटी का एक खेत सिम्भावली के नए बाईपास सर्विस रोड के पास स्थित है। दीपक भाटी का आरोप है कि तीन मार्च को उन्होंने अपने खेत की रेडीमेड बाउंड्री कराने के लिए मजदूरों को भेजा था। इसी दौरान पड़ोसी खेत मालिक नत्थू सिंह, निवासी ग्राम बढ़डा, मौके पर पहुंच गया और मजदूरों के साथ गाली-गलौज करते हुए बाउंड्री का काम रुकवा दिया।
झूठे मुकदमें में फंसाने की धमकी दी (Hapur News)
पीड़ित के अनुसार जब उन्होंने फोन कर इस बारे में पूछा तो नत्थू सिंह ने बाउंड्री नहीं होने देने और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। हालांकि बाद में किसी तरह बाउंड्री का काम पूरा करा दिया गया।दीपक भाटी का आरोप है कि नौ मार्च की सुबह वह अपने ड्राइवर अमित और साथी रिजवान के साथ खेत पर बाउंड्री देखने पहुंचे। वहां उन्होंने देखा कि नत्थू सिंह अपने पुत्र पवन और सोनवीर के साथ मिलकर बाउंड्री को तोड़ रहा था। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो तीनों आरोपियों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।
भाजपा नेता पर किया फायर (Hapur News)
आरोप है कि नत्थू सिंह ने उनका गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की, जबकि पवन और सोनवीर ने भी उनके साथ मारपीट की। शोर सुनकर ड्राइवर अमित और साथी रिजवान मौके पर पहुंचे और किसी तरह उन्हें आरोपियों के चंगुल से बचाया।पीड़ित का आरोप है कि इस दौरान आरोपी पवन ने तमंचा निकाल लिया और जान से मारने की धमकी दी। जब दीपक भाटी अपनी जान बचाने के लिए गाड़ी की ओर भागे तो उन पर फायर कर दिया गया। हालांकि वह बाल-बाल बच गए।
पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच की शुरू (Hapur News)
घटना के बाद दीपक भाटी ने सिम्भावली थाने में तहरीर देकर नत्थू सिंह, पवन और सोनवीर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


