Khabarwala 24 News Hapur: Hapur News भाकियू जनशक्ति की मासिक बैठक बाबूगढ़ थाने के पास गोवर्धन कॉलोनी में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता रामेन्द्र सिंधु ने की, जबकि मंच संचालन रूपक चौधरी द्वारा किया गया। बैठक में किसान हितों, शिक्षा व्यवस्था और बिजली से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
समझौते को रद्द किया जाए (Hapur News)
जिला अध्यक्ष सुधीर चौधरी ने भारत-अमेरिका टैरिफ समझौते को लेकर सरकार की चुप्पी पर गंभीर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि यदि यह समझौता किसानों के हितों के विरुद्ध लागू किया गया तो आने वाले समय में किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है। उन्होंने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि या तो इस समझौते को रद्द किया जाए, अन्यथा किसान एक बार फिर सड़कों पर उतरने को मजबूर होंगे।

उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि किसानों को बार-बार अपने अधिकारों के लिए आंदोलन करना पड़ रहा है। संगठन पूरी तरह से संयुक्त किसान मोर्चा के तहत किसानों के हक की लड़ाई लड़ने के लिए प्रतिबद्ध है और किसी भी बड़े आंदोलन के लिए तैयार है।
शिक्षा व्यवस्था का मुद्दा उठाया (Hapur News)
बैठक में गढ़ तहसील अध्यक्ष वीरेंद्र गिल ने शिक्षा व्यवस्था का मुद्दा उठाया। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी से मांग की कि नए शैक्षणिक सत्र में निजी स्कूलों में केवल एनसीईआरटी की किताबें ही लागू कराई जाएं। उनका कहना था कि कई निजी विद्यालय महंगी और अनावश्यक किताबें लागू कर गरीब किसान और मजदूर परिवारों का आर्थिक शोषण कर रहे हैं। संगठन ने स्पष्ट किया कि इस सत्र में इस तरह की मनमानी नहीं होने दी जाएगी और जरूरत पड़ने पर आंदोलन किया जाएगा।
स्मार्ट मीटर से सतर्क रहने की अपील (Hapur News)
युवा जिला अध्यक्ष मुनेश यादव ने स्मार्ट मीटर को लेकर किसानों को सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि बिजली विभाग के कर्मचारी उपभोक्ताओं के साथ संतुलित और सम्मानजनक व्यवहार रखें। यदि किसानों के साथ किसी प्रकार की जबरदस्ती या अनुचित कार्रवाई की गई तो संगठन इसका विरोध करेगा।बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर किसान हितों की रक्षा का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में किसानों को संगठित रहना बेहद जरूरी है। कृषि, शिक्षा और बिजली जैसे मुद्दे सीधे ग्रामीण समाज और किसान परिवारों को प्रभावित करते हैं।
यह रहे मौजूद (Hapur News)
बैठक में बृजपाल सिंह, शैंकी चौधरी, प्रमीत सिंह, पुष्पेंद्र राणा, धर्म सिंह, सरजीत सिंह, सुखवीर सिंह, कुलदीप राणा, संकोच कुमार, कृष्ण कांत राणा, शाहरुख, अबरार, राजीव कुमार, सतेंद्र सिंह, लक्ष्यमेंद्र सिंह, पंकज कुमार, मनोज, राजकुमार, अकीब, अंकुर और मनीष कुमार सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


