Khabarwala 24 News Hapur: Hapur News पैतृक संपत्ति के विवाद को लेकर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला अलीनगर में एक व्यक्ति के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित ने अपने छोटे भाई और उसके साथियों पर मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाने के लिए हमला करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले में नामजद और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला (Hapur News)
पीड़ित तफसीर निवासी मोहल्ला अलीनगर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि गाजियाबाद के कस्बा डासना स्थित उसके दादा की संपत्ति पर उसके छोटे भाई तौकीर ने कथित रूप से अवैध कब्जा कर रखा है। इस मामले में उसने न्यायालय में मुकदमा दायर किया हुआ है, जो वर्तमान में एडीएम सिटी की अदालत में विचाराधीन है।
लाठी डंडों से किया हमला (Hapur News)
आरोप है कि मुकदमे को लेकर तौकीर उससे रंजिश रखने लगा और लगातार केस वापस लेने का दबाव बना रहा था। पीड़ित के अनुसार, 1 मार्च 2026 की सुबह लगभग नौ बजे वह अपने बेटे मोहम्मद हारिस और मौलाना मोहम्मद यूसुफ के साथ बुलंदशहर रोड स्थित कस्तूरी कोल्ड स्टोर के गेट के पास खड़ा था। इसी दौरान तौकीर अपने दो-तीन साथियों के साथ थ्रीव्हीलर से वहां पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों व लात-घूंसों से हमला कर दिया।
धमकी देकर हुए फरार (Hapur News)
हमले में पीड़ित के पैर में गंभीर चोट आई और शरीर पर कई स्थानों पर चोटें लगीं। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर उसे बचाया। आरोप है कि जाते समय हमलावरों ने मुकदमा वापस न लेने पर जान से मारने की धमकी भी दी।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा (Hapur News)
पीड़ित का कहना है कि आरोपी के खिलाफ गाजियाबाद के विभिन्न थानों में पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। घटना के बाद से परिवार दहशत में है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद पांडेय ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


