Khabarwala 24 News Hapur News : हापुड़ बार एसोसिएशन के पदाधिकारी और सदस्य जनपद सुलतानपुर, अलीगढ़ में हुई अधिवक्ताओं की हत्या और प्रतापगढ़ और जोनपुर में अधिवक्ताओं के उत्पीड़न के विरोध में न्यायिक कार्य से विरत रहे। बार एसोसिएशन के पदाधिकारी और सदस्यों ने एसडीएम सदर को ज्ञापन भी सौंपा।
हापुड़ बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों और सदस्यों की बैठक बार एसोसिएशन के अध्यक्ष एनुल हक की अध्यक्षता में हुई। जिसका संचालन नरेंद्र शर्मा ने किया। बैठक में बताया कि राज्य विधिक परिषद उत्तर प्रदेश के चेयरमैन पांचूराम मौर्य द्वारा भेेजे पत्र में बताया गया कि सुलतानपुर के अधिवक्ता आजाद अहमद, अलीगढ़ के अधिवक्ता अब्दुल मुगीस की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई। प्रतापगढ़ और जोनपुर के अधिवक्ताओं के साथ उत्पीड़न की गंभीर घटनाएं घटित हुई है। अधिवक्ताओं की हत्या व उत्पीड़न करने वाले व्यक्तियों की तत्काल गिरफ्तारी व उनके विरुद्ध राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत कार्रवाई प्रदेश सरकार से अपेक्षित है जो अभी तक नहीं की गई है।
इस पर सभी ने न्यायिक कार्य से विरत रहने और विरोध दिवस मनाने का निर्णय लिया। इस संबंध में एक ज्ञापन उपजिलाधिकारी (सदर) सुनीता सिंह को सौंपा गया। इस अवसर पर अनेक अधिवक्ता मौजूद थे।



