Khabarwala 24 News Hapur:यूपी के जनपद हापुड़ के थाना देहात क्षेत्र में शुक्रवार रात एक बड़ा सड़क हादसा टल गया। एनएच-334 स्थित धनौरा कट के पास तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर हाईवे किनारे खाई में पलट गई। इस हादसे में कार सवार चार लोग घायल हो गए, जबकि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत रही कि किसी की जान नहीं गई।
क्या है पूरा मामला (Hapur)
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 8:30 बजे मेरठ से पिलखुवा की ओर एक बारात जा रही थी। बारात में शामिल होने के लिए अशरफ, हसरत, इकरार और दिलदार कार से पिलखुवा जा रहे थे। जैसे ही उनकी कार धनौरा कट के पास पहुंची, तेज रफ्तार होने के कारण वाहन चालक नियंत्रण खो बैठा और कार हाईवे किनारे खाई में जाकर पलट गई।

पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची (Hapur)
हादसा होते ही हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। घटना को देखकर राहगीर मौके पर एकत्र हो गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला।इस दौरान कुछ राहगीरों ने कार में आग लगने की आशंका जताते हुए दमकल विभाग को भी सूचना दे दी। सूचना पर दमकल विभाग की टीम फायर ब्रिगेड वाहन के साथ मौके पर पहुंची, हालांकि जांच में कार में आग नहीं लगने की पुष्टि हुई।
घायलों का प्राथमिक उपचार कराया (Hapur)
इसके बाद पुलिस टीम ने क्रेन की मदद से कार को खाई से बाहर निकालकर हाईवे किनारे खड़ा कराया। हादसे में कार सवार चारों लोगों को मामूली चोटें आई थीं। पुलिस ने मौके पर ही चिकित्सकों को बुलवाकर सभी घायलों का प्राथमिक उपचार कराया।प्राथमिक उपचार के बाद सभी कार सवार कुछ देर घटनास्थल पर रुकने के बाद रवाना हो गए। पुलिस ने बताया कि हादसे का कारण तेज रफ्तार और वाहन का अनियंत्रित होना प्रतीत हो रहा है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


