Khabarwala 24 News Hapur : उत्तर प्रदेश के हापुड़ (Hapur) जिले के बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के गांव छपकौली में बुधवार सुबह एक दुखद घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया था । गांव निवासी किसान किरनपाल उर्फ मुन्नू (55) ने अपने हाथ तोलिये से बांधकर नहर में छलांग लगा दी। गुरुवार दोपहर एनडीआरएफ की टीम ने हाफिजपुर थाना क्षेत्र के गांव घुंघराला के पास नहर से उनका शव बरामद किया। शव मिलने की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
क्या है पूरा मामला
बुधवार सुबह करीब 6 बजे किरनपाल अपने खेतों पर घूमने गए थे। लौटने के बाद उन्होंने नहर पर तैनात चौकीदार अमरपाल से सामान्य बातचीत की। कुछ देर बाद चौकीदार अपने कमरे में चला गया। इसी बीच किरनपाल ने तोलिये से अपने हाथ बांधे और नहर में कूद गए। किरनपाल को नहर में कूदते देख चौकीदार ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के खेतों में काम कर रहे किसान और ग्रामीण मौके पर जुट गए। सूचना पर परिजन भी पहुंचे। डायल 112 के माध्यम से पुलिस को सूचित किया गया।
बाबूगढ़ थाना प्रभारी महेंद्र सिंह, एसडीएम ईला प्रकाश, और सीओ जितेंद्र शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। गोताखोरों और एनडीआरएफ की टीम ने नहर में तलाश शुरू की, लेकिन बुधवार देर शाम तक कोई सुराग नहीं मिला।
शव की तलाश में फिर जुटी एनडीआरएफ
गुरुवार सुबह एनडीआरएफ ने तलाश फिर शुरू की और हाफिजपुर थाना क्षेत्र के गांव घुंघराला के पास नहर में किरनपाल का शव बरामद किया। हाफिजपुर थाना प्रभारी आशीष कुमार पुंडारी भी मौके पर पहुंचे। परिजनों ने पुलिस से बिना किसी कानूनी कार्रवाई के शव सौंपने का अनुरोध किया, जिसे स्वीकार करते हुए पुलिस ने शव उन्हें सौंप दिया।
क्या कहते हैं थाना प्रभारी
हाफिजपुर थाना प्रभारी आशीष कुमार पुंडीर ने बताया परिजनों ने अनुरोध किया कि बिना किसी उन्हें शव दे दिया जाए। इस पर पुलिस ने उन्हें शव को सौंप दिया। शव को परिजन अपने साथ गांव ले गए।

Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।

