Khabarwala 24 News Hapur: पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र में फर्जी फर्म बनाकर जीएसटी (GST)विभाग में पंजीकरण कराने और कूटरचित दस्तावेजों के सहारे टैक्स धोखाधड़ी करने वाले एक आरोपी को पिलखुवा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से कई अहम दस्तावेज बरामद हुए हैं, जिनके आधार पर बड़े स्तर पर टैक्स चोरी की साजिश का खुलासा हुआ है।
काफी समय से आरोपी की थी तलाश (GST)
सीओ पिलखुवा अनीता चौहान ने बताया कि पुलिस को लंबे समय से आरोपी की तलाश थी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए टूटे रेलवे फाटक वाले रास्ते से वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पकड़ा गया आरोपी शादाब, कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला रमपुरा का निवासी है।
फर्जी फर्म और कूटरचित इन्वाइस से करता था धोखाधड़ी (GST)
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी फर्जी फर्म बनाकर जीएसटी विभाग में उसका पंजीकरण कराता था। इसके बाद वह कूटरचित टैक्स इन्वाइस तैयार कर सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचाने की योजना बना रहा था। इन फर्जी इन्वाइस के माध्यम से वह गलत तरीके से टैक्स लाभ लेने की साजिश रच रहा था।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने कबूल किया कि वह अलग-अलग नामों और पहचान पत्रों का इस्तेमाल कर फर्जीवाड़ा करता था, जिससे विभागीय जांच में भ्रम पैदा किया जा सके।
आरोपी के पास से ये दस्तावेज बरामद (GST)
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से—
- तीन पैन कार्ड
- तीन आधार कार्ड
- एक बैंक पासबुक
- फर्जी किंग इंटरप्राइजिज फर्म से जुड़े टैक्स इन्वाइस
बरामद किए हैं। इन दस्तावेजों के आधार पर पुलिस को संदेह है कि यह मामला सिर्फ एक व्यक्ति तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके पीछे एक संगठित नेटवर्क काम कर सकता है।
नेटवर्क की गहन जांच में जुटी पुलिस (GST)
सीओ अनीता चौहान ने बताया कि फर्जी दस्तावेजों के सहारे की जा रही टैक्स धोखाधड़ी के इस पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है। आरोपी के संपर्कों को खंगाला जा रहा है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि इसमें और कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी भी हो सकती है।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


