Khabarwala 24 News Hapur: उत्तर प्रदेश के जनपद हापुड़ में पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता मदन चौहान पर जानलेवा हमले का प्रयास किया गया। घटना गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र के अंतर्गत मेरठ रोड पर गांव हिरनपुरा के पास की है, जहां बदमाशों ने उनकी कार को बीच सड़क पर रोक लिया।
क्या है पूरा मामला (Hapur)
पूर्व मंत्री मदन चौहान के अनुसार, वह ब्रजघाट में एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद रात करीब नौ बजे सगाई समारोह में जा रहे थे। गांव के पास पहुंचते ही सड़क किनारे कई कारें खड़ी थीं और दो युवक सड़क पर खड़े थे। इनमें से एक युवक के हाथ में दो पिस्टल थीं।अचानक पिस्टलधारी युवक कार के सामने आ गया, जिस पर चालक ने कार रोक दी। हमलावर ने कार के शीशे से पिस्टल सटाकर ट्रिगर दबाया, लेकिन गोली नहीं चली। इसके बाद उसने पिस्टल की नाल से शीशे पर कई वार किए और दूसरी पिस्टल से फायर करने की कोशिश की।

सुरक्षाकर्मियों ने हमलावरों को दी चेतावनी (Hapur)
इसी दौरान पूर्व मंत्री के सुरक्षाकर्मी ने तुरंत कार से उतरकर हमलावरों को चेतावनी दी और दो हवाई फायर किए। फायरिंग होते ही दोनों बदमाश सड़क किनारे खड़ी एक फॉर्च्यूनर कार में बैठकर फरार हो गए। कार का नंबर यूपी-14 सीरीज का था, जिसमें केवल 8710 अंक स्पष्ट थे।घटना के बाद मदन चौहान सुरक्षित अपने गढ़ स्थित आवास लौट गए।
मुकदमा दर्ज हुआ (Hapur)
सूचना मिलते ही एएसपी विनीत भटनागर समेत वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। इलाके में नाकाबंदी कर बदमाशों की तलाश की जा रही है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।वहीं पूर्व मंत्री की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस (Hapur)
एसएचओ गढ़मुक्तेश्वर डीएस बिस्ट ने बताया कि इस मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।



