Khabarwala 24 News Hapur: उत्तर प्रदेश के जनपद हापुड़ के थाना धौलाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम देहरा में शुक्रवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक का शव उसके ही कमरे में चारपाई पर संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। मृतक के गले पर निशान मिलने से गला घोंटकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलने पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर मृत्यु का कारण पता चल सकेगा।
क्या है पूरा मामला (Hapur)
जानकारी के अनुसार ग्राम देहरा निवासी 24 वर्षीय आमिर गुरुवार रात अपने घेर में बने कमरे में सोया हुआ था। सुबह जब परिजन उसे जगाने पहुंचे तो आमिर चारपाई पर मृत अवस्था में पड़ा मिला। शव देखते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई।मौके पर पहुंची पुलिस ने कमरे का निरीक्षण किया। मृतक के गले पर संदिग्ध निशान पाए गए, जिससे प्रथम दृष्टया गला घोंटकर हत्या की आशंका व्यक्त की जा रही है। हालांकि पुलिस किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
पुलिस ने घटना स्थल का किया निरीक्षण (Hapur)
वारदात की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने कमरे से साक्ष्य एकत्र किए और आसपास के हालात का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस ने मामले की जांच की शुरू (Hapur)
थाना प्रभारी धौलाना मनीष चौहान ने बताया कि युवक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस सभी संभावित बिंदुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।


