पिलखुवा (Hapur)। राष्ट्रीय राजमार्ग-9 पर गुरुवार सुबह एक भयानक सड़क हादसा हो गया। फ्लाईओवर के ऊपर पंचर हो जाने से खड़ी कीया कार से तेज रफ्तार बुलेट बाइक टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार एक युवक फ्लाईओवर से सीधे नीचे सर्विस लेन पर जा गिरे। दोनों की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।
पंचर कार को ओवरटेक करते वक्त हुआ हादसा (Hapur News)
कोतवाली इंस्पेक्टर श्योपाल सिंह ने बताया कि सुबह करीब 8 बजे गाजियाबाद से हापुड़ की तरफ आ रही कीया कार का टायर अचानक पंचर हो गया। ड्राइवर ने गाड़ी फ्लाईओवर पर ही साइड में खड़ी कर दी। पीछे से आ रही रॉयल एनफील्ड बुलेट पर सवार दो युवक कार को ओवरटेक करने की कोशिश में थे। अचानक कार दिखी और ब्रेक लगाते-लगाते बुलेट सीधे कार में घुस गई।
30 फीट ऊंचाई से नीचे गिरा युवक
टक्कर के बाद बुलेट अनियंत्रित होकर फ्लाईओवर की रेलिंग तोड़ते हुए नीचे सर्विस रोड पर जा गिरी। एक युवक बाइक से छिटककर करीब 30 फीट नीचे सड़क पर गिरे। मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग दौड़े, लेकिन किसी की हिम्मत नहीं हुई कि उन्हें छुएं।
घायलों की पहचान, दोनों बिजनौर के
- अयान (25 साल) – बिजनौर थाना चांदपुर के रहने वाले
- अली (21 साल) – बिजनौर शहर के मोहल्ला पटियापाड़ा का रहने वाला
दोनों अच्छे दोस्त हैं और बाइक पर सवार होकर कहीं जा रहे थे। अयान को जीएस मेडिकल कॉलेज अस्पताल और अली को सरस्वती अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों ने दोनों की हालत गंभीर बताई है।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संभाला मामला
112 पर सूचना मिलते ही कॉलेज गेट चौकी इंचार्ज नवीन गौतम टीम के साथ पहुंचे। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। क्षतिग्रस्त बुलेट और कीया कार को क्रेन से हटवाकर कब्जे में लिया गया। अभी तक किसी ने लिखित शिकायत नहीं दी है, लेकिन पुलिस अपने स्तर से केस दर्ज करने की तैयारी कर रही है।
लोगों का कहना है कि फ्लाईओवर पर पंचर होने पर गाड़ी खड़ी करने की जगह नहीं होती, ऐसे हादसे हो जाते हैं। पुलिस ने चालक को नोटिस देने की बात कही है।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


